
विंध्यभूमि/सीधी|किसानों को उर्वरक उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी और किसान हितैषी बनाने के उद्देश्य से राज्य शासन द्वारा ई-विकास 2.0 प्रणाली पूरे प्रदेश में लागू कर दी गई है। नई व्यवस्था के तहत 20 अगस्त 2026 से उर्वरक वितरण प्रारंभ किया जा रहा है। विभिन्न किसान संगठनों, निजी विक्रेताओं और संबंधित हितधारकों से प्राप्त सुझावों के आधार पर पोर्टल में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं।
नई व्यवस्था में किसान अपनी आवश्यकता के अनुसार किसी भी एक उर्वरक की खरीद कर सकेंगे। अब किसी अन्य उर्वरक के साथ अनिवार्य संयोजन की बाध्यता नहीं होगी। किसान भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (प्ब्।त्) की फसलवार अनुशंसित मात्रा के अनुसार या उससे अधिक मात्रा में उर्वरक पहली बार में ही प्राप्त कर सकेंगे। अतिरिक्त उर्वरक की मांग के लिए पहले प्रचलित 50 शब्दों में कारण लिखने की बाध्यता भी समाप्त कर दी गई है। इसके स्थान पर पोर्टल में आसान ड्रॉप-डाउन चयन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
नई प्रणाली में उर्वरक की गणना प्रति हेक्टेयर बैग के आधार पर की जाएगी। ई-टोकन जनरेट करने के बाद यदि कोई किसान उसे निरस्त करना चाहता है तो 24 घंटे बाद पोर्टल पर टोकन निरस्त करने की सुविधा उपलब्ध होगी। किसानों की सुविधा के लिए जल्द ही व्हाट्सऐप के माध्यम से भी टोकन, रिटेलर, उर्वरक की उपलब्धता और वैधता से संबंधित जानकारी प्राप्त करने की सुविधा शुरू की जाएगी।
फसल खराब होने अथवा प्राकृतिक आपदा जैसी विशेष परिस्थितियों में किसान ऑनलाइन अनुमति लेकर पुनः उर्वरक की मांग कर सकेंगे। ऐसे मामलों को एक्सेप्शनल हैंडलिंग के अंतर्गत रखा गया है। संबंधित प्रकरणों को तहसीलदार अथवा अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) द्वारा 48 घंटे के भीतर स्वीकृत किया जाएगा।
मार्कफेड के डबल लॉक केंद्रों पर भीड़ को नियंत्रित करने और उर्वरक का सुचारू वितरण सुनिश्चित करने के लिए प्रतिदिन 300 से अधिक ई-टोकन जनरेट करने की क्षमता को आवश्यकता के अनुसार बढ़ाया जा सकेगा।
किसान ई-विकास 2.0 प्रणाली से संबंधित किसी समस्या अथवा सहायता के लिए ई-विकास हेल्पलाइन नंबर 91788022224 पर प्रत्येक शासकीय कार्य दिवस में प्रातः 10 बजे से शाम 6 बजे तक शिकायत या समस्या दर्ज करा सकते हैं। कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे नई व्यवस्था का लाभ उठाते हुए अपनी आवश्यकता के अनुसार उर्वरक प्राप्त करें और ई-विकास 2.0 प्रणाली की सुविधाओं का उपयोग करें।





























