नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल ने अब क्रिकेट के मैदान के साथ राजनीति में भी नई पारी की शुरुआत कर दी है। शनिवार, 21 नवंबर को उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी में शामिल होने के साथ ही उन्हें भाजपा के राष्ट्रीय OBC मोर्चा की कार्यकारिणी में स्पेशल इनवाइटी नियुक्त किया गया है।
चहल को भाजपा की सदस्यता उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सांसद एवं राष्ट्रीय OBC मोर्चा के अध्यक्ष अमरपाल मौर्य ने दिलाई। भाजपा की ओर से राष्ट्रीय OBC मोर्चा की नई कार्यकारिणी का ऐलान भी किया गया है, जिसमें देश के अलग-अलग राज्यों के नेताओं और अन्य प्रमुख चेहरों को संगठन में जिम्मेदारी सौंपी गई है।
राष्ट्रीय OBC मोर्चा की कार्यकारिणी में चहल के अलावा ओडिशा के अद्वैत चरण गननायक और उत्तर प्रदेश की अधिवक्ता सीमा समृद्धि कुशवाहा को भी स्पेशल इनवाइटी बनाया गया है। चहल की राजनीतिक एंट्री को लेकर खेल और राजनीतिक जगत में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
भाजपा की नई टीम में कई नेताओं को मिली जिम्मेदारी
भाजपा द्वारा घोषित नई कार्यकारिणी में सात राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, तीन राष्ट्रीय महामंत्री और सात राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किए गए हैं। इसके अलावा 37 राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्यों को भी जिम्मेदारी दी गई है। नई नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू की गई हैं।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए गए नेताओं में जोगेन मोहन, ममता मोहंता, संगम लाल गुप्ता, बबनराव रावजी चौधरी, सत प्रकाश राणा, अर्जुन साहनी और संगीता बलवंत बिंद के नाम शामिल हैं। वहीं गजेंद्र यादव, प्रमोद मध्वराज और ललित चंद्राकर को राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई है।

क्रिकेट में भी रहा है चहल का शानदार सफर
युजवेंद्र चहल भारतीय क्रिकेट के चर्चित लेग स्पिनरों में शामिल रहे हैं। उन्होंने भारत की ओर से वनडे और टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया है। हालांकि उन्हें टेस्ट क्रिकेट खेलने का मौका नहीं मिल सका। करीब दो महीने पहले उन्होंने फर्स्ट क्लास क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा की थी। उन्होंने स्पष्ट किया था कि वह सीमित ओवरों के क्रिकेट में खेलना जारी रखेंगे।
चहल ने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला अगस्त 2023 में टी-20 प्रारूप में खेला था। अब भाजपा के राष्ट्रीय OBC मोर्चा में मिली नई जिम्मेदारी के साथ उनके सार्वजनिक जीवन में एक नया अध्याय शुरू हो गया है।












































