इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर में कालानी नगर डबल मर्डर केस ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। जिस पिता ने करीब 28 साल पहले एक दूसरे परिवार से बच्चे को गोद लेकर अपना बेटा बनाया और सगे बेटे की तरह पालन-पोषण किया, उसी पर पिता और बहन की हत्या का सनसनीखेज आरोप लगा है। पुलिस जांच में हत्या के पीछे करीब 50 लाख रुपये के मकान और संपत्ति का विवाद सामने आया है।
पुलिस के मुताबिक, 28 वर्षीय हर्ष यादव पर अपने पिता राजू यादव और बहन हर्षिता की हत्या की साजिश रचने और वारदात को अंजाम देने का आरोप है। बताया जा रहा है कि राजू यादव ने हाल ही में मल्हारगंज स्थित अपना मकान करीब 50 लाख रुपये में बेचा था। इसमें से 25 लाख रुपये बेटी हर्षिता के नाम पर प्लॉट खरीदने के लिए दिए गए थे। इसी बात को लेकर हर्ष नाराज था और पिता से लगातार पैसों की मांग कर रहा था। परिवार में इस मुद्दे पर विवाद और मारपीट की स्थिति भी बन रही थी।
पिता की हत्या कर शव फेंका, फिर बहन को बनाया निशाना
जांच में सामने आया है कि हर्ष ने अपने 17 वर्षीय नाबालिग साथी के साथ मिलकर वारदात की योजना बनाई थी। आरोप है कि पिता राजू यादव को गांधी नगर के अरिहंत नगर में किराए के कमरे पर बुलाकर धारदार हथियार से उनकी हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को चादर में लपेटकर हातोद थाना क्षेत्र के जम्बूड़ी हप्सी में पुलिया के पास फेंक दिया गया। पुलिस ने शुक्रवार रात शव बरामद किया।
इसके बाद कालानी नगर स्थित घर में हर्षिता की भी गला घोंटकर हत्या कर दी गई। पुलिस की कॉल डिटेल जांच में सामने आया कि हर्षिता 18 नवंबर की रात से 19 नवंबर की सुबह करीब 4 बजे तक पिता को लगातार फोन करती रही। उसे इस बात की जानकारी नहीं थी कि उसके पिता की पहले ही हत्या हो चुकी है। पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 6:17 बजे उसकी भी हत्या कर दी गई।
शादी के लिए पैसों की जरूरत, नाबालिग को दिया लालच
इस मामले में हिरासत में लिए गए 17 वर्षीय नाबालिग साथी ने पूछताछ में बताया कि उसके भाई की 2 दिसंबर को शादी होने वाली थी और उसे पैसों की जरूरत थी। आरोप है कि हर्ष ने इसी मजबूरी का फायदा उठाकर उसे पैसों का लालच दिया और हत्या की साजिश में शामिल कर लिया।
सीसीटीवी से हुई पहचान, दिल्ली फरार आरोपी की तलाश
हर्षिता का शव मिलने के बाद पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फुटेज में दो संदिग्ध दिखाई दिए, जिसके आधार पर हर्ष की पहचान हुई। डीसीपी नरेंद्र सिंह रावत के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी घर से कीमती सामान लेकर फ्लाइट से दिल्ली फरार हो गया है। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा है।
फिलहाल पुलिस की विशेष टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हैं। इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर संपत्ति के विवाद में पारिवारिक रिश्तों के टूटने और हिंसक रूप लेने का मामला सामने ला दिया है।












































