इंदौरफ़्लैश न्यूज़ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशराजनीतिराज्य

आठवीं मंजिल से गिरकर युवती की मौत का मामला : लिव-इन पार्टनर पर आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज

eighthfloorinindore

पोस्टमार्टम में मिले मारपीट के पुराने चोटों के निशान, परिजनों के बयान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने की कार्रवाई

 

इंदौर। शहर के तेजाजी नगर थाना क्षेत्र स्थित पलाश परिसर में आठवीं मंजिल से गिरकर 23 वर्षीय अंजलि थापा की हुई संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। विस्तृत जांच के बाद पुलिस ने मृतका के लिव-इन पार्टनर अजय मुंडे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 के तहत आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। पुलिस जांच में युवती के साथ लगातार मारपीट और शारीरिक एवं मानसिक प्रताड़ना किए जाने के तथ्य सामने आए हैं।

 

24 अक्टूबर को आठवीं मंजिल से गिरकर हुई थी मौत

 

घटना 24 अक्टूबर की है। पलाश परिसर के फ्लैट नंबर 801 की आठवीं मंजिल से गिरने के कारण अंजलि थापा की मौत हो गई थी। वह अपने लिव-इन पार्टनर अजय मुंडे के साथ फ्लैट में रह रही थी। दोनों कुछ दिन पहले ही गुरुग्राम से इंदौर आए थे और अपने दोस्तों के कमरे में किराए पर ठहरे हुए थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

 

फ्लैट में मिली थीं शराब की बोतलें और खाली गिलास

 

घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान पुलिस को फ्लैट से शराब की बोतलें और खाली गिलास मिले थे। शुरुआती जांच में मौत की परिस्थितियां संदिग्ध पाए जाने पर पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास के साक्ष्य जुटाए। इसके बाद मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान भी शामिल किए गए।

 

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मिले चोटों के निशान

 

जांच के दौरान पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अंजलि के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए। बताया गया कि ये चोटें मौत से लगभग 24 घंटे पहले की थीं। वहीं, परिजनों ने भी पुलिस को अजय मुंडे द्वारा अंजलि के साथ मारपीट और प्रताड़ना किए जाने की जानकारी दी। तकनीकी साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के परीक्षण के बाद पुलिस ने अजय के खिलाफ कार्रवाई की।

 

लिव-इन पार्टनर के खिलाफ एफआईआर दर्ज

 

पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर अजय मुंडे के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 के तहत आत्महत्या के लिए उकसाने का प्रकरण दर्ज किया गया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है और पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

 

संदिग्ध मौत से उठे सवाल: आठवीं मंजिल से गिरकर हुई युवती की मौत के बाद सामने आए प्रताड़ना और मारपीट के आरोपों ने मामले को गंभीर बना दिया है। अब पुलिस की जांच में यह स्पष्ट करने का प्रयास किया जा रहा है कि घटना से पहले फ्लैट में आखिर क्या परिस्थितियां बनी थीं।

What's your reaction?

Related Posts

Epaper