
पति का आरोप—जेठ करता था गाली-गलौज और मारपीट; मां-बेटे की हालत बिगड़ने पर रीवा रेफर, महिला जिला अस्पताल में भर्ती
सीधी। जिले के उपनी गांव में रविवार शाम घरेलू विवाद के बीच एक महिला द्वारा जहरीला पदार्थ सेवन करने और अपने डेढ़ साल के मासूम बेटे को भी खिलाने का मामला सामने आया है। मां और बच्चे की तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। बच्चे की गंभीर हालत को देखते हुए उसे रीवा के संजय गांधी अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि महिला का उपचार जिला अस्पताल में जारी है।
पति ने घरेलू विवाद को बताया वजह
जानकारी के मुताबिक महिला की पहचान अन्नपूर्णा सिंह (28) और उसके बेटे की पहचान आयुष सिंह (डेढ़ साल) के रूप में हुई है। महिला के पति मनीष सिंह ने आरोप लगाया है कि परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था। उसके बड़े भाई यानी महिला के जेठ आनंद सिंह पर गाली-गलौज करने और छोटी-छोटी बातों पर मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। पति का कहना है कि इसी पारिवारिक तनाव से परेशान होकर उसकी पत्नी ने यह कदम उठाया।
संयुक्त परिवार में रहती थी महिला
बताया गया है कि महिला अपने पति और दो बच्चों के साथ संयुक्त परिवार में रहती थी। परिवार में सास-ससुर, जेठ-जेठानी और उनके बच्चे भी साथ रहते थे। पति के अनुसार, विवाद की जानकारी गांव के लोगों को भी दी गई थी, लेकिन आपसी तनाव का समाधान नहीं हो सका। हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक परिस्थितियों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
बच्चे को रीवा किया रेफर, महिला का इलाज जारी
घटना के बाद मां और बच्चे की हालत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। बच्चे को 108 एंबुलेंस की मदद से रीवा स्थित संजय गांधी अस्पताल रेफर किया गया। वहीं महिला को सीधी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश त्रिपाठी के अनुसार, पुलिस को रविवार रात करीब 10:30 बजे घटना की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। फिलहाल पूरे घटनाक्रम और लगाए गए आरोपों की पड़ताल की जा रही है। पुलिस जांच के बाद ही घटना के कारणों और जिम्मेदार परिस्थितियों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।











































