इंदौरफ़्लैश न्यूज़ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशमेरा शहरराज्य

शराब तस्करी रोकने पहुंचे थाना प्रभारी को ट्रक से कुचला, दिलीप पुरी की मौत

शराब तस्करी रोकने पहुंचे थाना प्रभारी को ट्रक से कुचला, दिलीप पुरी की मौत

IMG 20261102 WA0001

देवास के खातेगांव में देर रात हुई सनसनीखेज घटना, अवैध शराब से भरे वाहन को रोकने के दौरान हुआ हादसा; गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, उपचार के दौरान नहीं बच सकी जान

मध्य प्रदेश। देवास जिले के खातेगांव में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान एक दर्दनाक घटना सामने आई है। शराब से भरे वाहन को पकड़ने पहुंचे खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी की ट्रक से कुचलने के कारण मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस महकमे में शोक की लहर है। ड्यूटी के दौरान हुई इस घटना ने प्रदेश में अवैध शराब के कारोबार और पुलिस की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

कैसे हुई घटना?

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात पुलिस को सूचना मिली थी कि हरदा की ओर से अवैध शराब से भरा एक वाहन इंदौर होते हुए गुजरात की तरफ जा रहा है। सूचना मिलते ही देवास पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कई पुलिस टीमों को वाहन पकड़ने के लिए लगाया गया। खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी भी अपनी टीम के साथ कार्रवाई में जुटे थे।

पुलिस टीम ने इंदौर-बैतूल हाईवे पर नेमावर रोड के पास संदिग्ध वाहन की घेराबंदी की। इसी दौरान वाहन चालक को रोकने और नीचे उतारने का प्रयास किया गया। बताया जा रहा है कि चालक ने पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए वाहन आगे बढ़ा दिया। इस दौरान थाना प्रभारी दिलीप पुरी वाहन की चपेट में आ गए और उसका पिछला पहिया उनके ऊपर से गुजर गया।

 

अस्पताल में नहीं बचाई जा सकी जान

घटना में थाना प्रभारी को गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी तत्काल उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने करीब दो घंटे तक सीपीआर और उपचार के जरिए उनकी जान बचाने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।

वाहन छोड़कर फरार हुआ चालक, पुलिस जांच में जुटी

घटना के बाद चालक वाहन लेकर आगे निकल गया और संदलपुर के पास उसे छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने संदिग्ध वाहन को जब्त कर लिया है। वाहन में अवैध शराब होने की जानकारी सामने आई है। फरार चालक की तलाश और शराब तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। घटना की सूचना मिलने पर देवास पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा सहित वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।

2007 बैच के अधिकारी थे दिलीप पुरी

थाना प्रभारी दिलीप पुरी वर्ष 2007 बैच के उपनिरीक्षक बताए गए हैं। वे इससे पहले इंदौर के हीरानगर और चंदन नगर सहित विभिन्न थानों में सेवाएं दे चुके थे। करीब दो महीने पहले ही उनका तबादला खातेगांव किया गया था। ड्यूटी के दौरान उनकी मौत की खबर से पुलिस विभाग में शोक का माहौल है।

शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई में थाना प्रभारी की जान जाने की इस घटना ने एक बार फिर अवैध कारोबार के नेटवर्क और कानून व्यवस्था के सामने खड़ी चुनौतियों को उजागर किया है।

What's your reaction?

Related Posts

Epaper