
अर्नब के बाद अब चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ का मध्यप्रदेश में असर, पांच संभागों में चार दिन तक आंधी-बारिश के आसार,सीधी-सिंगरौली समेत 15 जिलों में मौसम विभाग की चेतावनी
सीधी-सिंगरौली समेत 15 जिलों में मौसम विभाग की चेतावनी, दो दिन में कई संभागों का तापमान 7.7 डिग्री तक गिरा; नवंबर के दूसरे सप्ताह से बढ़ेगी ठंड
विंध्यभूमि / www.vindhyabhoomi.com / मध्यप्रदेश
भोपाल। नवंबर की शुरुआत के साथ ही मध्यप्रदेश में मौसम का मिजाज तेजी से बदलने लगा है। एक ओर तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है, वहीं दूसरी ओर बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ का असर प्रदेश के कई हिस्सों में दिखाई देने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 5 नवंबर तक प्रदेश के अलग-अलग संभागों में बादल छाने, गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश का दौर जारी रह सकता है। इससे दिन के तापमान में और गिरावट आने के साथ ठंड का असर बढ़ने के आसार हैं।
पांच संभागों में दिखेगा मौसम का असर
मौसम संबंधी रिपोर्टों के अनुसार चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ के प्रभाव से जबलपुर, रीवा, शहडोल, नर्मदापुरम और इंदौर संभाग के जिलों में मौसम प्रभावित हो सकता है। सोमवार 2 नवंबर को जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, डिंडौरी, कटनी, उमरिया, अनूपपुर, शहडोल, मैहर, सीधी और सिंगरौली में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
वहीं भोपाल, उज्जैन, ग्वालियर, चंबल और सागर संभाग के कुछ हिस्सों में बादल छाए रहने तथा कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी होने के आसार हैं।
सीधी-सिंगरौली में भी बदलेगा मौसम
विंध्य क्षेत्र के सीधी और सिंगरौली जिले भी मौसम के इस बदलाव से प्रभावित हो सकते हैं। रविवार को भी इन जिलों सहित रीवा, मऊगंज, सतना, अनूपपुर और शहडोल के कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई। मौसम में आए इस बदलाव से दिन के समय गर्मी से राहत मिली है, लेकिन बादल और बारिश के कारण तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
48 घंटे में 7.7 डिग्री तक गिरा तापमान
बारिश और बादलों के कारण प्रदेश के अधिकतम तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। बीते 48 घंटों में चंबल, रीवा, शहडोल और सागर संभाग में अधिकतम तापमान 5.3 से 7.7 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आया है। वहीं भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन, जबलपुर और नर्मदापुरम संभाग में भी पारा लगभग 4.9 डिग्री तक गिरा है।
रात के तापमान में भी एक से दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम रिपोर्ट के अनुसार दमोह में न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री, अमरकंटक में 15.1 डिग्री, भोपाल में 15.2 डिग्री और बालाघाट के मलाजखंड में 15.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
नवंबर के दूसरे सप्ताह से बढ़ेगी ठिठुरन
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार नवंबर के दूसरे सप्ताह से प्रदेश में ठंड का असर और तेज हो सकता है। विशेषकर ग्वालियर-चंबल संभाग में उत्तरी हवाओं के प्रभाव से न्यूनतम तापमान में अधिक गिरावट आने की संभावना है। इसके साथ ही प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी सुबह और रात के समय ठंड का अहसास बढ़ेगा।
फिलहाल चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ के प्रभाव से प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहने की संभावना है। ऐसे में किसानों और आम नागरिकों को मौसम विभाग की चेतावनियों पर ध्यान देने की जरूरत है।











































