इंदौरफ़्लैश न्यूज़ब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेशमेरा शहरराज्य

ब्यावरा में मौत का सफर! घुमावदार ब्रिज पर स्लीपर बस का भीषण हादसा, 4 यात्रियों की मौत, कांच टूटने से अपर बर्थ पर सो रहे यात्री बाहर जा गिरे, 11 घायल; 4 गंभीर घायलों को भोपाल भेजा गया

IMG 20260828 WA0045

विंध्यभूमि राजगढ़/ब्यावरा। शुक्रवार सुबह ब्यावरा-भोपाल बायपास पर हुए भीषण सड़क हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। कानपुर से इंदौर जा रही तेज रफ्तार स्लीपर कोच बस घुमावदार ब्रिज पर अनियंत्रित होकर एक तरफ झुक गई और ब्रिज से रगड़ाती हुई निकल गई। हादसे में बस के शीशे चकनाचूर हो गए और अपर बर्थ पर सो रहे कुछ यात्री कांच टूटने के बाद सीधे सड़क पर जा गिरे। हादसे में चार यात्रियों की मौत की सूचना है, जबकि 11 लोग घायल बताए जा रहे हैं। इनमें चार की हालत गंभीर होने पर उन्हें भोपाल रेफर किया गया है।

सुबह 8 बजे मची चीख-पुकार

हादसा शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे उस समय हुआ, जब स्लीपर बस ब्यावरा के भोपाल बायपास स्थित घुमावदार ब्रिज से गुजर रही थी। बताया जा रहा है कि इसी दौरान बस अनियंत्रित होकर एक तरफ झुक गई और ब्रिज से रगड़ाने लगी। बस में उस समय बड़ी संख्या में यात्री सो रहे थे। अचानक हुए हादसे से यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।

IMG 20260828 WA0046

बस के शीशे टूटने से अपर बर्थ पर सो रहे कुछ यात्रियों के नीचे गिरने से गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने शुरू की मदद

हादसे के वक्त आसपास मॉर्निंग वॉक कर रहे लोगों ने यात्रियों को बस से बाहर गिरते देखा। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी तथा घायलों को बाहर निकालने में मदद की। इसके बाद घायलों को ब्यावरा के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एंबुलेंस को सूचना देने के करीब 30 मिनट बाद मौके पर पहुंचने की बात सामने आई है। हालांकि, इस दौरान स्थानीय लोगों ने घायलों की मदद कर उन्हें अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया।

चार गंभीर घायलों को भोपाल किया रेफर

ब्यावरा सिविल अस्पताल में घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। गंभीर स्थिति वाले चार यात्रियों को इलाज के लिए भोपाल रेफर किया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही एसपी अमित तोलानी और एसडीएम गोविंद दुबे सहित पुलिस-प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी भी ली।

मृतकों में बेंगलुरु पुलिस के दो अधिकारी होने की सूचना

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में मृत चार यात्रियों में बेंगलुरु के एक थाना प्रभारी और एक साइबर इंस्पेक्टर के शामिल होने की बात सामने आई है। हालांकि, मृतकों की पहचान को लेकर पुलिस स्तर पर जांच और पुष्टि की प्रक्रिया जारी है।

बस अनियंत्रित कैसे हुई? जांच में जुटी पुलिस

भीषण हादसे के बाद पुलिस ने घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य के साथ यातायात व्यवस्था संभाली। हादसे की वास्तविक वजह क्या थी—बस की तेज रफ्तार, चालक का नियंत्रण खोना या सड़क की स्थिति—इसको लेकर पुलिस जांच कर रही है। हादसे की पूरी तस्वीर जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

What's your reaction?

Related Posts

Epaper