
विंध्यभूमि/चुरहट।अंबुज तिवारी:- सीधी विधानसभा क्षेत्र के सेमरिया में बिजली, खाद सहित विभिन्न स्थानीय समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को विद्युत वितरण कार्यालय का घेराव कर धरना-प्रदर्शन किया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सेमरिया के तत्वावधान में आयोजित प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ज्ञान सिंह ने किया। कार्यक्रम में सीधी विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी डॉ. विनोद शर्मा विशेष रूप से मौजूद रहे, जबकि ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सेमरिया के अध्यक्ष अरविन्द तिवारी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अघोषित बिजली कटौती, लो वोल्टेज, खराब ट्रांसफार्मरों को समय पर नहीं बदले जाने, जली हुई बिजली केबल, अनियमित एवं मनमाने बिजली बिल तथा खाद की समस्या सहित क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर सरकार और प्रशासन के खिलाफ आवाज उठाई।
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं ने महामहिम राज्यपाल के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बिजली, खाद, सड़क, पुलिस व्यवस्था, यातायात और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी समस्याओं के तत्काल एवं समयबद्ध निराकरण की मांग की गई।
बिजली संकट से किसान परेशान: ज्ञान सिंह
धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ज्ञान सिंह ने कहा कि किसान पहले से ही खाद की समस्या से जूझ रहे हैं और अब बिजली संकट ने उनकी परेशानी और बढ़ा दी है। धान की रोपाई और सिंचाई के महत्वपूर्ण समय में पर्याप्त बिजली नहीं मिलने से किसानों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त और निर्बाध बिजली उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने किसानों के लिए कम से कम 18 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, खराब ट्रांसफार्मरों को निर्धारित समय-सीमा में बदलने, लो वोल्टेज एवं जली हुई केबल की समस्या का स्थायी समाधान करने तथा गलत एवं मनमाने बिजली बिलों की जांच कर उन्हें दुरुस्त करने की मांग की।

ज्ञान सिंह ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि बिजली बिल जमा करने में थोड़ी देरी होने पर उपभोक्ताओं से पेनाल्टी वसूली जाती है, लेकिन खराब ट्रांसफार्मर बदलने में विभाग की ओर से देरी क्यों होती है, इसकी जवाबदेही भी तय होनी चाहिए।
खाद वितरण व्यवस्था को सरल बनाने की मांग
कांग्रेस नेताओं ने खाद की समस्या को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। ज्ञान सिंह ने कहा कि किसानों को पूरे सीजन की खाद के लिए परेशान होकर इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। उन्होंने खाद वितरण व्यवस्था को सरल, पारदर्शी और प्रभावी बनाने तथा किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने की मांग की।
सीधी विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी डॉ. विनोद शर्मा ने कहा कि सेमरिया क्षेत्र की जनता लंबे समय से बिजली, खाद, सड़क, पुलिस और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत समस्याओं से परेशान है। अघोषित बिजली कटौती और लो वोल्टेज के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में खेती प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता की समस्याओं को लेकर लगातार संघर्ष करती रहेगी।
सड़क, पुलिस, यातायात और अस्पताल की समस्याएं भी उठीं
कांग्रेस द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में सेमरिया विद्युत वितरण केंद्र के अंतर्गत आने वाले गांवों में पर्याप्त बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, अघोषित कटौती पर रोक लगाने और खराब ट्रांसफार्मरों को दो से तीन दिन की निर्धारित समय-सीमा में बदलने की मांग की गई।
इसके साथ ही जली हुई केबल को तत्काल बदलने, लो वोल्टेज की समस्या दूर करने और बिजली बिलों से संबंधित शिकायतों की जांच कर उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग की गई।
ज्ञापन में ग्राम ओवरहा से देवगढ़ पहुंच मार्ग में माइनर नहर क्रमांक-17 के किनारे सड़क काट दिए जाने से उत्पन्न आवागमन की समस्या का समाधान करने की मांग भी की गई। इसके अलावा सेमरिया बाजार में अमृतलाल गुप्ता की दुकान में आग लगाए जाने की घटना की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई, पुलिस की कार्यप्रणाली में सुधार, वाहन चेकिंग के नाम पर अवैध वसूली रोकने और अवैध रेत निकासी पर प्रभावी कार्रवाई की मांग उठाई गई।
सेमरिया बाजार में लगातार बनी रहने वाली जाम की समस्या के समाधान के लिए ठोस यातायात व्यवस्था और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही। वहीं सेमरिया अस्पताल में डॉक्टरों की समुचित व्यवस्था, साफ-सफाई और वार्डों में व्याप्त गंदगी की समस्या दूर करने की मांग कांग्रेस ने प्रशासन के सामने रखी।
प्रदर्शन में जिला संगठन महासचिव ज्ञानेन्द्र कुमार अग्निहोत्री, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष विनोद मिश्रा, जिला कांग्रेस महासचिव विनोद विश्वकर्मा एवं नवीन सिंह, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कुचवाही अध्यक्ष राणा प्रताप सिंह, जिला बूथ प्रबंधन विभाग अध्यक्ष कृतिमा सिंह, ब्लॉक किसान कांग्रेस सेमरिया अध्यक्ष विपुल सिंह, पूर्व उपाध्यक्ष जनपद पंचायत सीधी प्रभात वर्मा, मंडल अध्यक्ष सेमरिया दिनेश गुप्ता, युवक कांग्रेस सीधी अध्यक्ष करुण सिंह, जिला आदिवासी कांग्रेस अध्यक्ष मनोज कोल, मंडल अध्यक्ष बम्हनी अशोक, जिला सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के श्रीकृष्ण पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।





























