बड़े संसाधनों से ही संभव है क्षेत्र का विकास, रेवांचल सहित सभी ट्रेनों के चुरहट तक विस्तार की मांग
मेमू ट्रेन के आगमन पर इंद्रलाल पटेल ने किया स्वागत, क्षेत्र में विश्वविद्यालय और उद्योगों की स्थापना पर दिया जोर

सीधी:- पन्ना जिले के देवेंद्रनगर से चुरहट तक मेमू ट्रेन के आगमन पर छात्र संगठन की ओर से इंद्रलाल पटेल ने स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र का समग्र विकास बड़े संसाधनों और आधारभूत सुविधाओं से ही संभव है। इसके लिए रेलवे, विश्वविद्यालय, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय संस्थानों, पर्यटन स्थलों और उद्योगों का विकास आवश्यक है।
इंद्रलाल पटेल ने मांग की कि मेमू ट्रेन के साथ-साथ रीवा तक आने वाली रेवांचल एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनों का भी ललितपुर-सिंगरौली रेल लाइन के निर्माण कार्य की प्रगति के अनुसार विस्तार किया जाए। रेल लाइन जहां तक पूर्ण होती जाए, वहां तक ट्रेनों का संचालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को रेल यात्रा की सुविधा मिल सके और वे इसका लाभ उठा सकें।
उन्होंने कहा कि आज भी क्षेत्र में ऐसे बुजुर्ग पुरुष और महिलाएं हैं, जिन्होंने न तो कभी ट्रेन देखी है और न ही उसमें यात्रा की है। ऐसे में रेल सुविधा का विस्तार केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि ग्रामीण और पिछड़े क्षेत्रों के लोगों के लिए विकास, सुविधा और नए अवसरों का माध्यम भी बनेगा।
इंद्रलाल पटेल ने कहा कि क्षेत्र में उच्च शिक्षा के अवसर बढ़ाने के लिए विश्वविद्यालय की स्थापना भी बेहद जरूरी है। वे और उनकी टीम जिले में विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग को लेकर लगातार संघर्षरत हैं और क्षेत्रवासियों को इस दिशा में सकारात्मक पहल की प्रतीक्षा है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि रेल सुविधाओं के विस्तार के साथ शिक्षा, उद्योग और अन्य बड़े संसाधनों का विकास होने से क्षेत्र को नई पहचान मिलेगी तथा स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और प्रगति के नए रास्ते खुलेंगे।












































