फ़्लैश न्यूज़ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशराज्यसीधी

यूकेलिप्टस के पेड़ों को लेकर विवाद, युवक की पिटाई का वीडियो वायरल

Screenshot 20260825 165220 Dainik Bhaskar

विंध्यभूमि सीधी। जिले के बहनी चौकी क्षेत्र में यूकेलिप्टस के पेड़ों को लेकर चल रहे विवाद में एक युवक के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। घटना रविवार शाम करीब 4 बजे की बताई जा रही है, जबकि वीडियो मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला चर्चा में आया।

वायरल वीडियो में चौपाल निवासी सोनू साकेत के साथ मारपीट करते हुए लोग दिखाई दे रहे हैं। वीडियो के मुताबिक सोनू पर करीब 8 बार पत्थर से हमला किया गया, जबकि एक महिला द्वारा उसे करीब 14 बार चप्पल से पीटने का आरोप है। इसके अलावा युवक को लात-घूंसों से भी मारने की बात सामने आई है।

पेड़ों को लेकर पुराना विवाद

पीड़ित सोनू साकेत ने चन्द्रक साकेत, मनोज साकेत सहित दो अन्य लोगों पर मारपीट का आरोप लगाया है। सोनू के अनुसार आरोपियों के साथ यूकेलिप्टस के पेड़ों को लेकर पहले से विवाद चला आ रहा है।

सोनू का आरोप है कि इससे पहले भी पेड़ों को काटने का विरोध करने पर उसके पिता के साथ मारपीट की गई थी। उस घटना में उसके पिता के हाथ और पैर टूट गए थे, जिसके संबंध में पुलिस में रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई थी।

वहीं, चरकू साकेत ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि पहले सोनू साकेत ने उनके साथ मारपीट की थी। उनके मुताबिक सोनू थाने से लौटने के बाद गाली-गलौज करने लगा, जिसके बाद दोनों पक्षों में विवाद और मारपीट हुई।

पुलिस ने दोनों पक्षों पर दर्ज किया मामला

बहनी चौकी प्रभारी विकास सिंह गहरवार के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच कई दिनों से विवाद चला आ रहा था और दोनों पक्षों में मारपीट हुई है। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस का कहना है कि भविष्य में इस तरह के विवाद दोबारा न हों, इसके लिए प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की तैयारी भी की जा रही है।

What's your reaction?

Related Posts

Epaper