फ़्लैश न्यूज़ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशराज्यसीधी

सीधी सम्राट चौक,तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से मजदूर की मौत, चालक फरार

file 00000000fb8882118d40c1d99e6c46f0

विंध्यभूमि सीधी। शहर के सम्राट चौराहे के पास सोमवार देर रात तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने पैदल जा रहे एक मजदूर को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल मजदूर की मंगलवार सुबह जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपी चालक और ट्रक की तलाश में जुटी है।

 

मृतक की पहचान ग्राम पोथरा, थाना बहरी निवासी महेश यादव (40 वर्ष) के रूप में हुई है। महेश सीधी शहर में मजदूरी करता था। जानकारी के अनुसार सोमवार रात वह सब्जी खरीदने के बाद अपने दोस्तों के साथ करीब आधे घंटे तक बैठा रहा। रात लगभग 11 बजे वह अपने कमरे की ओर पैदल जा रहा था। इसी दौरान सम्राट चौराहे के पास तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने उसे टक्कर मार दी।

 

टक्कर इतनी जोरदार थी कि महेश सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घायल की मदद की और उसे ऑटो के माध्यम से जिला अस्पताल सीधी पहुंचाया। महेश के सिर, पैर और सीने में गंभीर चोटें आई थीं। डॉक्टरों ने उसे बचाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन मंगलवार सुबह करीब 5 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

 

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

 

थाना प्रभारी कोतवाली दिव्य प्रकाश त्रिपाठी के अनुसार पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया है। अज्ञात ट्रक और उसके चालक की तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि दुर्घटना में शामिल वाहन और चालक की पहचान की जा सके। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

What's your reaction?

Related Posts

Epaper