बस्तर में जवानों के बीच PM मोदी ने मनाई दीपावली, मिठाई खिलाकर बढ़ाया हौसला; बोले– नक्सलवाद से मुक्त हुआ देश
शहीद जवानों को पुष्पचक्र अर्पित कर दी श्रद्धांजलि, सुरक्षाबलों के साथ लगाए भारत माता की जय के नारे; बोले– देश आपकी सेवाओं का ऋणी है

बस्तर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस वर्ष दीपावली का पर्व छत्तीसगढ़ के बस्तर में तैनात सुरक्षाबलों के जवानों के साथ मनाया। इस दौरान उन्होंने देश की सुरक्षा में तैनात वीर जवानों से मुलाकात कर दीपावली की खुशियां साझा कीं। प्रधानमंत्री ने जवानों को मिठाई खिलाई, उनके साथ उत्साहपूर्वक जश्न मनाया और भारत माता की जय के नारे लगाए। इससे पहले उन्होंने देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीद जवानों को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
प्रधानमंत्री मोदी ने जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि दीपावली केवल प्रकाश का पर्व नहीं, बल्कि उन वीर सपूतों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर भी है, जिनके शौर्य, संघर्ष और सर्वोच्च बलिदान ने बस्तर की तस्वीर बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि सीमा पर और देश के भीतर राष्ट्र की रक्षा करने वाले सभी जवान उनके परिवार का हिस्सा हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि हिमालय की गोद में कारगिल से लेकर समुद्र किनारे सर क्रीक और समुद्र में तैनात आईएनएस विक्रांत तक, जवानों के साथ मनाई गई हर दीपावली उनके लिए यादगार रही है। इस बार बस्तर के जंगलों में जवानों के बीच दीपावली मनाना उनके लिए विशेष अनुभव है।
नक्सलवाद से मुक्ति को बताया ऐतिहासिक उपलब्धि
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वर्ष 2026 की दीपावली देश के लिए विशेष है। दशकों से चली आ रही नक्सलवाद और माओवादी आतंक के खिलाफ लड़ाई में देश ने बड़ी सफलता हासिल की है। उन्होंने इसे सुरक्षाबलों के साहस, समर्पण और निरंतर संघर्ष का परिणाम बताया। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस उपलब्धि का श्रेय लाखों वीर जवानों और सुरक्षाकर्मियों को जाता है। उन्होंने 140 करोड़ देशवासियों की ओर से जवानों के त्याग, समर्पण और सेवाभाव के प्रति आभार व्यक्त किया।
सुरक्षाबलों के बलिदान को किया नमन
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए जवानों ने अनगिनत बलिदान दिए हैं। सीआरपीएफ, कोबरा, बीएसएफ, आईटीबीपी, एसएसबी, आईआरबी, राज्य पुलिस और बस्तर फाइटर्स के जवानों के योगदान को देश कभी नहीं भूल सकता। महिला सुरक्षाकर्मियों के साहस और समर्पण की भी उन्होंने सराहना की। उन्होंने कहा कि देश आपकी सेवाओं के लिए सदैव ऋणी रहेगा।
सुरक्षा के साथ विकास को भी दी गई प्राथमिकता
प्रधानमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई के साथ-साथ प्रभावित क्षेत्रों में विकास के विशेष अभियान भी चलाए गए। एक समय देश के करीब 20 राज्यों के 230 से अधिक जिले नक्सलवाद से प्रभावित थे। इन क्षेत्रों में शाम होते ही जनजीवन ठहर जाता था और लोगों के लोकतांत्रिक अधिकार भी प्रभावित होते थे।
उन्होंने बताया कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ 15 हजार किलोमीटर से अधिक सड़कों का निर्माण किया गया और 9,500 से ज्यादा मोबाइल टावर स्थापित किए गए। आदिवासी बच्चों की शिक्षा के लिए एकलव्य विद्यालय खोले गए। युवाओं को रोजगार और कौशल प्रशिक्षण से जोड़ने के लिए आईटीआई तथा स्किल डेवलपमेंट सेंटर स्थापित किए गए। इसके अलावा हजारों डाकघर, बैंक शाखाएं और एटीएम भी खोले गए।
प्रधानमंत्री ने पीएम-जनमन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके माध्यम से विशेष रूप से पिछड़े आदिवासी समुदायों के हजारों दूरस्थ गांवों तक पानी, बिजली और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने का प्रयास किया गया है। आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों के पुनर्वास और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए भी योजनाएं बनाई गई हैं।
अंत में प्रधानमंत्री ने कहा कि राष्ट्र प्रथम की भावना से ही देश की शांति, सुरक्षा और विकास सुनिश्चित किया जा सकता है। नक्सलवाद के खिलाफ संघर्ष केवल सुरक्षा की लड़ाई नहीं, बल्कि गरीबों, वंचितों और आदिवासी समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का अभियान भी है।














































