दाऊ साहब की 96वीं जयंती पर भोपाल में उमड़ा विंध्य का जनसैलाब, विधानसभा से पीसीसी भवन तक अर्पित किए श्रद्धासुमन
विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने विधानसभा भवन में अर्पित किए पुष्प, अजय सिंह, अभिमन्यु सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद; चुरहट से सैकड़ों समर्थक पहुंचे भोपाल

विंध्यभूमि | भोपाल। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पंजाब के पूर्व राज्यपाल स्वर्गीय कुंवर अर्जुन सिंह ‘दाऊ साहब’ की 96वीं जयंती पर गुरुवार को राजधानी भोपाल में श्रद्धा और सम्मान का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर मध्यप्रदेश विधानसभा भवन में आयोजित पुष्पांजलि कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने स्वर्गीय अर्जुन सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया। उन्होंने दाऊ साहब के सार्वजनिक जीवन और प्रदेश के लिए उनके योगदान का स्मरण किया।

जयंती के अवसर पर विधानसभा भवन में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं चुरहट विधायक अजय सिंह, अभिमन्यु सिंह सहित विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने भी पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद व्यापम चौराहे पर स्थित स्वर्गीय अर्जुन सिंह की प्रतिमा पर पुष्पांजलि एवं माल्यार्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां बड़ी संख्या में कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने पहुंचकर अपने जननायक को श्रद्धांजलि दी।

इसके पश्चात शिवाजी नगर स्थित मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश मुख्यालय इंदिरा भवन में पुष्पांजलि एवं संबोधन कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस दौरान दाऊ साहब के राजनीतिक जीवन, सामाजिक सरोकारों, प्रशासनिक निर्णयों और प्रदेश के विकास में उनके योगदान को याद किया गया।
कई वरिष्ठ नेताओं की रही मौजूदगी

इन कार्यक्रमों में पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं चुरहट विधायक अजय सिंह, अभिमन्यु सिंह, डॉ. महेंद्र सिंह चौहान, पूर्व महापौर विभा पटेल, पूर्व मंत्री वंशमणि वर्मा तथा भोपाल जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना सहित अनेक वरिष्ठ नेता और कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित रहे।
दाऊ साहब के जन्मदिवस पर आयोजित कार्यक्रमों में विंध्य क्षेत्र के लोगों की विशेष भागीदारी देखने को मिली। सीधी, रीवा, सतना सहित विंध्य के विभिन्न क्षेत्रों से उनके समर्थक और अनुयायी राजधानी पहुंचे। कई लोग सुबह की ट्रेनों से भोपाल आए और अपने नेता को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल हुए।
चुरहट से सैकड़ों लोग पहुंचे भोपाल
दाऊ साहब के गृह ग्राम चुरहट से भी बड़ी संख्या में लोग भोपाल पहुंचे। इनमें पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष चेतनलाल गुप्ता, अहमद रजा,अभिजीत गुप्त दिनेश सिंह, कमलेश्वर सिंह, अभिजीत गुप्ता,संजय सिंह संजू, जिला पंचायत सदस्य राहुल पटेल, कुणाल पांडे और अफजल खान,जगदीश गुप्ता दादू, सहित सैकड़ों की संख्या में चुरहटवासी शामिल रहे।

चुरहट से पहुंचे लोगों की मौजूदगी ने दाऊ साहब के प्रति उनके गृह क्षेत्र के लोगों के जुड़ाव को फिर सामने रखा। उनके समर्थकों ने पुष्पांजलि कार्यक्रमों में शामिल होकर उनके विचारों, जनसेवा और राजनीतिक विरासत को याद किया।
शाम को आयोजित होगा ‘यादें अर्जुन सिंह’ समारोह
जयंती के अवसर पर भोपाल में दिनभर चलने वाले श्रद्धांजलि कार्यक्रमों के बाद शाम को ‘यादें अर्जुन सिंह’ समारोह का आयोजन किया जाना है। सेंट्रल लाइब्रेरी मैदान में रात 8 बजे से अर्जुन सिंह अलंकरण समारोह, अखिल भारतीय मुशायरा एवं कवि सम्मेलन आयोजित होगा। इस वर्ष का मुशायरा प्रसिद्ध शायर पद्मश्री डॉ. बशीर बद्र को समर्पित रहेगा।

कार्यक्रम में देश के विभिन्न हिस्सों से आए नामचीन शायर और कवि अपनी रचनाओं की प्रस्तुति देंगे। इनमें इमरान प्रतापगढ़ी, नदीम फर्रुख एटा, अंजुम बाराबंकी, डॉ. आदित्य जैन, अंजुम रहबर, खुशबू शर्मा, शाहिद अंजुम और आरिफ शेख सहित कई साहित्यकार शामिल होंगे। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी वीरेंद्र सिंह तथा अध्यक्ष के रूप में जम्मू-कश्मीर के पूर्व सांसद लाल सिंह शामिल होंगे। इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों को अर्जुन सिंह अलंकरण से सम्मानित किया जाएगा।
विचारों और विरासत को याद करने का अवसर
स्वर्गीय कुंवर अर्जुन सिंह का नाम मध्यप्रदेश की राजनीति के इतिहास में महत्वपूर्ण स्थान रखता है। मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और राज्यपाल जैसे दायित्वों का निर्वहन करते हुए उन्होंने प्रदेश और देश की राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई। सामाजिक न्याय, आदिवासी एवं पिछड़े वर्गों के हितों, शिक्षा और जनकल्याण से जुड़े उनके कार्यों को आज भी याद किया जाता है।
उनकी 96वीं जयंती पर भोपाल में आयोजित कार्यक्रमों में उमड़ी भीड़ और विशेषकर विंध्य क्षेत्र से पहुंचे लोगों की भागीदारी ने दाऊ साहब के प्रति उनके समर्थकों की भावनात्मक निकटता को फिर सामने रखा। विधानसभा भवन में विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर द्वारा पुष्पांजलि अर्पित करने से शुरू हुआ श्रद्धांजलि का सिलसिला व्यापम चौराहे और पीसीसी भवन तक जारी रहा। वहीं शाम को होने वाला ‘यादें अर्जुन सिंह’ समारोह उनकी स्मृतियों और योगदान को समर्पित रहेगा।












































