अब दोपहिया तो दूर पैदल निकलना भी मुश्किल

दैनिक विंध्य भूमि ए पी शर्मा
सीधी। नगर के वार्ड नंबर 10 मॉरिशन स्कूल के सामने सार्वजनिक आवागमन के मार्ग को लेकर रहवासियों की परेशानी एक बार फिर सामने आई है। रहवासियों का आरोप है कि विनय सिंह द्वारा बार-बार यह कहते हुए मार्ग पर बाड़ी लगा दी जाती है कि उक्त जमीन उनकी है। मार्ग पर अवरोध के कारण सैकड़ों लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है।
रहवासियों के अनुसार वर्तमान स्थिति यह है कि मार्ग से चार पहिया वाहन निकलना तो दूर, दोपहिया वाहनों के लिए भी पर्याप्त जगह नहीं बची है। कई स्थानों पर पैदल चलने में भी परेशानी हो रही है। बारिश के दौरान मार्ग पर कीचड़ होने से स्थिति और खराब हो गई है तथा लोगों को आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। मुहल्ले वासियों के अनुसार उक्त भूमि विवाद का मामला न्यायालय में विचाराधीन है ऐसे में विनय सिंह द्वारा मार्ग अवरुद्ध करना सिर्फ सरहंगता की निशानी है। रहवासियों ने मीडिया के माध्यम से कलेक्टर विकास मिश्रा का ध्यान आकृष्ट कराते हुए मार्ग बहाल करने की गुहार लगाई है।रहवासियों का कहना है कि प्रशासन की कार्रवाई के बाद कुछ समय तक मार्ग खुला रहा, लेकिन अब दोबारा बाड़ी लगाकर रास्ते को अवरुद्ध कर दिया गया है। इससे लोगों में नाराजगी है। रहवासियों ने जिला प्रशासन एवं नगर पालिका से मौके का निरीक्षण कर मार्ग की स्थिति स्पष्ट कराने तथा आवागमन में आ रही बाधा को दूर कराने की मांग की है। साथ ही उनका कहना है कि यदि जमीन के स्वामित्व को लेकर कोई विवाद है तो उसका राजस्व अभिलेखों के आधार पर निराकरण किया जाए, ताकि आम लोगों के आवागमन की समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
पहले प्रशासन ने हटाई थी बाउंड्री
रहवासियों ने बताया कि पूर्व में भी विनय सिंह द्वारा इसी मार्ग पर बाउंड्री का निर्माण कराया गया था। इसकी शिकायत के बाद तत्कालीन कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी के निर्देश पर नगर पालिका एवं राजस्व अमला मौके पर पहुंचा था और बाउंड्री हटाकर मार्ग को आवागमन के लिए बहाल कराया गया था। लेकिन कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी के तबादले के बाद उनके द्वारा फिर मार्ग पर बाड़ी लगा दी गई है, जिसके चलते लोगों को आने जाने के लिए बरसात के दिनों में सबसे ज्यादा समस्या झेलनी पड़ती है।











































