
पटना। बिहार में लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने मिलावटखोरी और खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। स्वास्थ्य सचिव-सह-खाद्य संरक्षा आयुक्त कुमार रवि के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा टीम ने पटना, हाजीपुर और दरभंगा में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान मिलावटी पनीर, एक्सपायर्ड दूध और खराब खाद्य सामग्री को नष्ट कराया गया। वहीं, पटना के फतुहा क्षेत्र में दूध के नमूने में फॉर्मेलिन पाए जाने के बाद करीब 126 लीटर दूध नष्ट कराया गया। इसके अलावा फतुहा में Food Supplements से जुड़े प्रतिष्ठान से 6 नमूने जांच के लिए लिए गए हैं।
हाजीपुर में मिलावटी पनीर पर कार्रवाई
वैशाली जिले के हाजीपुर स्थित स्टेशन रोड पर खाद्य सुरक्षा टीम ने पनीर की जांच की। सुधीर किराना दुकान से 14 किलोग्राम पनीर जब्त किया गया, जिसमें स्टार्च की मिलावट पाई गई। इसे मौके पर ही नष्ट कराया गया।
इसी तरह श्री गणेश पनीर हाउस से 58 किलोग्राम पनीर में स्टार्च की मिलावट पाए जाने पर उसे भी नष्ट कराया गया। पनीर के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दरभंगा में एक्सपायर्ड दूध और खराब पनीर नष्ट
दरभंगा जिले के बेनीपुर स्थित आशापुर चौक के सुधा मिल्क पार्लर में निरीक्षण के दौरान 21 लीटर एक्सपायर्ड सुधा मिल्क और 18 किलोग्राम खराब पनीर मिला। खाद्य सुरक्षा मानकों के तहत दोनों खाद्य सामग्रियों को मौके पर ही नष्ट कराया गया।
टीम ने खाद्य पदार्थों के नमूने भी लिए हैं, जिन्हें प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फतुहा में दूध में फॉर्मेलिन मिलने पर 126 लीटर दूध नष्ट
पटना जिले के सबलपुर फतुहा क्षेत्र में टेढ़ी पुल के पास स्थित राजीव डेयरी में दूध और पनीर की जांच की गई। जांच के दौरान दूध के नमूने में फॉर्मेलिन की मौजूदगी पाई गई।
इसके बाद करीब 126 लीटर दूध नष्ट कराया गया। खाद्य सुरक्षा टीम ने आवश्यक नमूने भी एकत्र किए हैं। जांच के निष्कर्षों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Food Supplements के प्रतिष्ठान पर संयुक्त छापेमारी
फतुहा थाना क्षेत्र के बाजितपुर स्थित Alexa Foods and Supplements में खाद्य सुरक्षा विभाग, औषधि निरीक्षक, आयुष निदेशालय और पुलिस की संयुक्त टीम ने निरीक्षण एवं छापेमारी की।
जांच के दौरान परिसर में Food Supplements, Raw Materials और निर्माण में इस्तेमाल होने वाले उपकरण मिले। कुछ तैयार और कुछ अर्द्धनिर्मित Food Supplements भी पाए गए। टीम ने नियमानुसार 6 नमूने जांच एवं विश्लेषण के लिए एकत्र किए हैं।
निरीक्षण के दौरान Food Supplements के अलावा कोई अन्य औषधि नहीं मिली और किसी संदिग्ध या आपत्तिजनक पदार्थ की पुष्टि नहीं हुई। संस्थान के स्वाधिकारी ने Food Supplements निर्माण एवं संबंधित खाद्य विनिर्माण अनुज्ञप्ति उपलब्ध होने की जानकारी दी। दस्तावेजों और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर कार्रवाई जारी
स्वास्थ्य सचिव-सह-खाद्य संरक्षा आयुक्त कुमार रवि ने कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और लोगों के स्वास्थ्य से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने खाद्य कारोबारियों से सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित मानकों के अनुरूप खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने को कहा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि एक्सपायर्ड, खराब, मिलावटी या असुरक्षित खाद्य सामग्री का भंडारण, उपयोग अथवा बिक्री स्वीकार्य नहीं है। विभाग की ओर से जांच, नमूना संग्रहण और आवश्यक कार्रवाई का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।









































