सीधी

भ्रष्टाचार, कथित भाई-भतीजावाद, पेंशन और विकास कार्यों में भेदभाव समेत कई मुद्दों पर उठाए सवाल; 15 दिन में कार्रवाई का आश्वासन

नगर परिषद रामपुर नैकिन के खिलाफ कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, 18 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा

रामपुर नैकिन में विकास कार्यों को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन

सीधी: रामपुर नैकिन :- नगर परिषद रामपुर नैकिन में कथित वित्तीय अनियमितताओं, नियुक्तियों में भाई-भतीजावाद, विकास कार्यों में भेदभाव और आमजन से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर बुधवार को कांग्रेस ने नगर परिषद का घेराव कर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने परिषद की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए प्रशासन को 18 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ज्ञान सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस प्रवक्ता प्रदीप सिंह दीपू, वसुधा सिंह, राजेंद्र भदौरिया, ज्ञानेंद्र अग्निहोत्री, उमेश सिंह, देवराज बैस, राजपाल सिंह, नवीन सिंह, प्रदीप द्विवेदी, मंडल अध्यक्ष रुद्र प्रसाद मिश्रा, निपेंद्र सिंह, गुलू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।

नियुक्तियों को लेकर लगाए गंभीर आरोप

धरने के दौरान कांग्रेस नेताओं ने नगर परिषद में नियुक्तियों को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना था कि नियमों की अनदेखी करते हुए अध्यक्ष के रिश्तेदारों तथा सीएमओ के पुत्र को नौकरी दिए जाने की शिकायतें सामने आई हैं। कांग्रेस ने इन नियुक्तियों की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने तथा यदि नियम विरुद्ध नियुक्तियां पाई जाती हैं तो जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की।
हैंडपंप की जगह निजी बोर का भी मुद्दा उठा
प्रदर्शनकारियों ने सार्वजनिक पेयजल व्यवस्था से जुड़े मामले को भी प्रमुखता से उठाया। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि सार्वजनिक हैंडपंप वाली जगह को हटाकर निजी उपयोग के लिए बोर कराया गया। उन्होंने मामले की जांच कर सार्वजनिक संपत्ति एवं पेयजल स्रोत से संबंधित स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।

मुरूम, गिट्टी और कोयले के भंडारण का आरोप

कांग्रेस पार्षद कुलदीप सिंह ने नगर परिषद क्षेत्र में मुरूम, गिट्टी एवं कोयले के कथित अवैध भंडारण और अतिक्रमण का मुद्दा उठाया। उन्होंने ‘बूढ़ी माता’ मंदिर से जुड़े वित्तीय मामलों पर भी गंभीर सवाल उठाते हुए जांच की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि धार्मिक स्थल और जनहित से जुड़े मामलों में पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए।

कांग्रेस पार्षदों के वार्डों से भेदभाव का आरोप

पार्षद कुलदीप सिंह और अतुल गुप्ता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्षदों के वार्डों में सड़क, नाली एवं अन्य विकास कार्यों के प्रस्तावों को कथित तौर पर प्राथमिकता नहीं दी जा रही है। उन्होंने मालियन बस्ती सहित विभिन्न क्षेत्रों में लंबित विकास कार्यों को तत्काल स्वीकृति देने की मांग की।

पेंशन और सरकारी वाहन के उपयोग पर भी सवाल

कांग्रेस नेता वीरेंद्र विश्वकर्मा ने आरोप लगाया कि क्षेत्र के गरीब एवं निराश्रित बुजुर्गों को पिछले कई महीनों से पेंशन की राशि नहीं मिल रही है। वहीं उन्होंने नगर परिषद के शासकीय वाहन के निजी कार्यों में कथित उपयोग और रीवा आने-जाने में सरकारी डीजल खर्च किए जाने पर भी सवाल उठाए। कांग्रेस ने पूरे मामले की जांच और सरकारी संसाधनों के उपयोग का हिसाब सार्वजनिक करने की मांग की।

नायब तहसीलदार ने लिया ज्ञापन, 15 दिन में कार्रवाई का भरोसा

प्रदर्शन के बाद प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार महेंद्र द्विवेदी मौके पर पहुंचे और कांग्रेस नेताओं से ज्ञापन प्राप्त किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि उनके अधिकार क्षेत्र में आने वाले मामलों पर निर्धारित समय में कार्रवाई की जाएगी तथा अन्य मामलों को कलेक्टर के समक्ष रखा जाएगा। कांग्रेस नेताओं के अनुसार प्रशासन की ओर से 15 दिनों के भीतर कार्रवाई एवं प्रगति की जानकारी देने का आश्वासन दिया गया है।

मांगें पूरी नहीं हुईं तो चक्काजाम की चेतावनी

कांग्रेस जिला अध्यक्ष ज्ञान सिंह सहित आंदोलन में शामिल नेताओं ने कहा कि 18 सूत्रीय मांगों पर समय सीमा के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि मांगों का निराकरण नहीं होने की स्थिति में चक्काजाम एवं बड़े जनआंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।
फिलहाल नगर परिषद से जुड़े लगाए गए आरोपों पर संबंधित अधिकारियों एवं परिषद प्रबंधन का पक्ष सामने आना बाकी है।

What's your reaction?

Related Posts

Epaper