कॉलेज गई 19 वर्षीय छात्रा संदिग्ध परिस्थितियों में लापता, तलाश की मांग पर ग्रामीणों ने हाईवे किया जाम
बढ़ैया के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्रदर्शन, पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति

मऊगंज। कॉलेज में पढ़ाई करने गई 19 वर्षीय छात्रा के अचानक लापता होने से परिजनों में चिंता और आक्रोश का माहौल है। छात्रा बीएससी द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रही है। परिजनों के मुताबिक, वह गुरुवार सुबह करीब 10 बजे घर से कॉलेज जाने के लिए निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 4 बजे छात्रा की मां ने फोन पर संपर्क किया तो उसने बताया कि वह खटखरी में है और ऑटो से घर लौट रही है। इसके बावजूद रात 8 बजे तक जब छात्रा घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसके बाद रात करीब 9 बजे परिजन शिकायत दर्ज कराने हनुमना थाने पहुंचे।
परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने घटनास्थल को खटखरी चौकी और मऊगंज थाना क्षेत्र का बताकर तत्काल शिकायत दर्ज नहीं की। बाद में मामला वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचने के बाद छात्रा की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की गई।
हाईवे पर उतरे ग्रामीण, आवागमन प्रभावित
शुक्रवार को छात्रा की तलाश और मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग को लेकर परिजनों के साथ ग्रामीणों ने बढ़ैया के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया। प्रदर्शन के चलते सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। सूचना मिलने पर मऊगंज पुलिस लाइन से अतिरिक्त बल मौके पर भेजा गया। पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाइश देने में जुटे रहे।
फिलहाल मामला तनावपूर्ण बना हुआ है। परिजन छात्रा की जल्द से जल्द तलाश करने और मामले में प्रभावी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस द्वारा छात्रा की तलाश की जा रही है।











































