
विंध्यभूमि रीवा(स्थानीय संपादक अंबुज तिवारी):
जिले में हुई मूसलाधार बारिश के बाद रीवा शहर के कई निचले और प्रमुख इलाकों में जलभराव से बाढ़ जैसे हालात बन गए रिहायशी क्षेत्रों में बारिश का पानी पहुंचने से जनजीवन प्रभावित हुआ हालांकि बारिश थमने के बाद जलस्तर में धीरे-धीरे कमी आने लगी है स्थिति को देखते हुए प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं
हालात की गंभीरता को देखते हुए उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल सुबह ही जलमग्न क्षेत्रों में पहुंचे और मौके पर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित मोहल्लों का दौरा कर जलभराव से प्रभावित परिवारों के घरों तक पहुंचकर नुकसान की स्थिति देखी इस दौरान उन्होंने प्रभावित लोगों से संवाद कर उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया
राहत शिविरों में व्यवस्थाओं का लिया जायजा
उप मुख्यमंत्री ने विभिन्न राहत शिविरों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने शिविरों में ठहरे प्रभावित परिवारों से बातचीत कर भोजन, शुद्ध पेयजल और चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित लोगों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए और जरूरतमंद परिवारों तक तत्काल राहत पहुंचाई जाए
राजेन्द्र शुक्ल ने जलभराव वाले क्षेत्रों से पानी की जल्द से जल्द निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही बचाव एवं राहत कार्यों में तेजी लाने और आपात स्थिति में फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए प्रशासनिक टीमों को सक्रिय रहने को कहा
बोले- हर मुश्किल में सरकार जनता के साथ
प्रभावित परिवारों से बातचीत के दौरान उप मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन और प्रशासन पूरी तरह जनता के साथ खड़ा है। प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो और हर जरूरतमंद तक समय पर सहायता पहुंचे।
आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क
उप मुख्यमंत्री ने आमजन से अपील की कि बारिश के दौरान किसी भी प्रकार की आपात स्थिति या परेशानी होने पर तत्काल कंट्रोल रूम को सूचना दें
जिला स्तरीय कंट्रोल रूम: 07662-255143
नगर निगम रीवा टोल फ्री: 18008899711
इसके अलावा नगर निगम के इन नंबरों पर भी संपर्क किया जा सकता है—
07662-254568, 07662-320105, 07662-310346, 07662-320150 और 07662-320329।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से न जाएं और किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल संबंधित कंट्रोल रूम को दें, ताकि राहत और रेस्क्यू टीम समय पर मौके पर पहुंच सके.





























