भोपाल

फिल्म उद्योग से रोजगार, पर्यटन और मनोरंजन क्षेत्र को मिल रही रफ्तार

भारतीय सिनेमा बना अर्थव्यवस्था का अहम पहिया

भारतीय मनोरंजन और फिल्म उद्योग का अर्थव्यवस्था में योगदान

भोपाल:- भारतीय फिल्म उद्योग देश की अर्थव्यवस्था और सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। फिल्म निर्माण के साथ-साथ वितरण, विज्ञापन, डिजिटल कंटेंट, पर्यटन और मनोरंजन से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल रहा है।
एजुकेशनिस्ट एवं सीनियर करियर कंसलटेंट डॉ. धीरज पाराशरी के अनुसार, भारतीय फिल्म उद्योग प्रत्यक्ष राजस्व के साथ व्यापक मीडिया और मनोरंजन क्षेत्र के माध्यम से भी बड़ा आर्थिक प्रभाव पैदा करता है। भारत दुनिया के प्रमुख फिल्म निर्माण देशों में शामिल है और यहां हिंदी के साथ तेलुगू, तमिल, मलयालम, कन्नड़, बंगाली और मराठी सहित विभिन्न भाषाओं में बड़ी संख्या में फिल्मों का निर्माण होता है।
फिल्म उद्योग लाखों कलाकारों, तकनीशियनों, डिजिटल क्रिएटर्स और सहायक कर्मचारियों के लिए रोजगार और आजीविका के अवसर उपलब्ध कराता है। इसके अलावा फिल्म निर्माण से जुड़े परिवहन, होटल, पर्यटन, विज्ञापन, थिएटर और डिजिटल प्लेटफॉर्म जैसे क्षेत्रों को भी आर्थिक गतिविधियां मिलती हैं।
डॉ. पाराशरी का कहना है कि तकनीक के बदलते दौर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), एनीमेशन और डिजिटल तकनीकों का उपयोग भारतीय फिल्म एवं मनोरंजन उद्योग के स्वरूप को बदल रहा है। इन तकनीकों के विस्तार से नए रोजगार और रचनात्मक अवसर पैदा होने की संभावना है।
उन्होंने फिल्म अर्थशास्त्र के संदर्भ में बताया कि किसी बड़े बजट की फिल्म के लिए निर्माण लागत की भरपाई के साथ वितरण, प्रचार और अन्य खर्चों को ध्यान में रखना आवश्यक होता है। व्यावसायिक दबाव के चलते कई बार फिल्म निर्माताओं के सामने रचनात्मकता और बाजार की मांग के बीच संतुलन बनाने की चुनौती रहती है।
भारतीय फिल्मों की अंतरराष्ट्रीय पहुंच से देश की संस्कृति और विविधता को वैश्विक स्तर पर पहचान मिल रही है। विदेशों में भारतीय फिल्मों और कलाकारों की लोकप्रियता का असर पर्यटन, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और मनोरंजन से जुड़े कारोबार पर भी पड़ सकता है।
इस प्रकार फिल्म उद्योग केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि रोजगार, रचनात्मक अर्थव्यवस्था, पर्यटन, विज्ञापन और तकनीकी विकास से जुड़ा एक व्यापक आर्थिक क्षेत्र बन चुका है.

What's your reaction?

Related Posts

Epaper