प्रशासनिक-पुलिस टीम के औचक निरीक्षण में
मिलीं कई अनियमितताएं, संचालक को कारण बताओ नोटिस

रीवा: रीवा में नए बस स्टैंड के पास संचालित आयुष्मान अस्पताल के संचालन पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुधाकर पाण्डेय ने आगामी आदेश तक अंतरिम रोक लगा दी है। यह कार्रवाई प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की संयुक्त टीम द्वारा 23 सितंबर की रात किए गए औचक निरीक्षण के बाद की गई।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने अस्पताल संचालक डॉ. प्रियंका सिंह को अस्पताल में भर्ती मरीजों की स्थिति के अनुसार उन्हें अन्य स्वास्थ्य संस्थाओं में समुचित उपचार के लिए भेजने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।

निरीक्षण के दौरान चिकित्सक के विरुद्ध अनैतिक एवं असामाजिक गतिविधियों में लिप्त पाए जाने संबंधी शिकायत प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर अस्पताल के संचालन पर अंतरिम रोक लगाई गई। अस्पताल संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर संतोषजनक जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित अवधि में जवाब नहीं मिलने अथवा जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने पर एकपक्षीय कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
जांच के दौरान अस्पताल में पैरामेडिकल स्टाफ में किए गए परिवर्तन की सूचना नहीं देने, वर्ष 2024 से अब तक मरीजों की मृत्यु की कोई सूचना उपलब्ध नहीं कराने तथा उपचार के दौरान डॉ. केडी सिंह के साथ बीएचएमएस चिकित्सक द्वारा उपचार करते पाए जाने सहित कई बिंदु सामने आए।
इसके अलावा 100 निर्धारित बेड की क्षमता के अनुपात में मरीजों की परिचर्या के लिए पर्याप्त चिकित्सा कर्मी उपलब्ध नहीं पाए गए। निरीक्षण में शासकीय सेवा में पदस्थ चिकित्सक डॉ. केडी सिंह को सक्षम अधिकारी की अनुमति के बिना मरीजों का उपचार करते हुए पाए जाने की बात भी सामने आई।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि कारण बताओ नोटिस का जवाब प्राप्त होने तक अस्पताल के संचालन पर अंतरिम रोक प्रभावी रहेगी। मामले में आगे की कार्रवाई जांच एवं प्राप्त जवाब के आधार पर की जाएगी।












































