
विंध्यभूमि,/रीवा/सीधी। राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-39 पर रीवा-सीधी मार्ग स्थित बदबार स्टैंड के समीप बुधवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सीधी की ओर से रीवा आ रही पवन एक्सप्रेस बस और रीवा की ओर से जा रहे एक बल्कर वाहन के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि टक्कर के बाद बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों में हड़कंप की स्थिति निर्मित हो गई।
टक्कर के बाद मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों वाहनों की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में सवार यात्रियों को गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में जुट गए। लोगों ने बिना समय गंवाए पुलिस और प्रशासन को घटना की सूचना दी।

सूचना मिलते ही गुढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस प्रशासन और राहत-बचाव दल ने स्थानीय लोगों की मदद से बचाव कार्य शुरू किया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के कारण सड़क पर भी कुछ समय के लिए आवागमन प्रभावित रहा। पुलिस ने राहत कार्य के साथ-साथ यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
करीब 20 घायलों को अस्पताल भेजा
हादसे में घायल हुए करीब 20 लोगों को तत्काल एम्बुलेंस और उपलब्ध अन्य वाहनों के माध्यम से उपचार के लिए संजय गांधी अस्पताल, रीवा भेजा गया। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। अस्पताल में चिकित्सकों की टीम द्वारा घायलों का उपचार किया जा रहा है।
एक दर्जन से अधिक मौतों की सूचना
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, इस भीषण सड़क दुर्घटना में करीब एक दर्जन से अधिक लोगों की मौत होने की सूचना सामने आई है। हालांकि, मृतकों की वास्तविक संख्या और उनकी पहचान की आधिकारिक पुष्टि प्रशासन की ओर से किया जाना बाकी है। हादसे की भयावहता को देखते हुए मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता।
राहत और बचाव कार्य जारी
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को निकालने का प्रयास किया गया। वहीं, घायलों को जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाने के लिए एम्बुलेंस की मदद ली गई।
इस दर्दनाक हादसे से क्षेत्र में शोक का माहौल है। हादसे के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस द्वारा दुर्घटना की जांच की जा रही है और हादसे से जुड़े तथ्यों को जुटाया जा रहा है।
नोट: मृतकों एवं घायलों की संख्या फिलहाल प्राप्त प्राथमिक जानकारी के आधार पर है। प्रशासन की आधिकारिक पुष्टि के बाद आंकड़ों
में परिवर्तन संभव है।











































