सिंगरौली में दर्दनाक हादसा: ट्रेलर की टक्कर से बाइक सवार की मौत, दो गंभीर
वाराणसी रेफर किए गए दोनों घायल, ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर किया चक्काजाम

सिंगरौली। मोरवा-अनपरा मार्ग पर खनहना के पास मंगलवार देर रात बाइक और अज्ञात ट्रेलर के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार 35 वर्षीय रामलल्लू यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राजकुमार रजक (26) और करण कुमार रजक (20) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया है। घटना के बाद ट्रेलर चालक फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है।
हादसे में एक परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
जानकारी के अनुसार, खनहना के पास हुए इस हादसे में चितरी निवासी रामलल्लू यादव की जान चली गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। वहीं, गंभीर रूप से घायल राजकुमार रजक और करण कुमार रजक को नेहरू शताब्दी चिकित्सालय, जयंत ले जाया गया। डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए देर रात वाराणसी रेफर कर दिया।
मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने लगाया जाम
हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्काजाम कर दिया। सूचना मिलने पर मोरवा थाना प्रभारी डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह और तहसीलदार अभिषेक यादव मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाइश दी और उचित मुआवजा दिलाने के साथ रेडक्रॉस सोसाइटी के माध्यम से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया।

फरार ट्रेलर चालक की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने दुर्घटना के संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे में शामिल ट्रेलर और उसके चालक की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।










































