शराब के पैसे नहीं देने पर दो भाइयों पर जानलेवा हमला, चाकू से वार और फायरिंग कर 6 हजार लूटे
रानीताल फ्लाईओवर पर वारदात से मचा हड़कंप, एक घायल की हालत गंभीर; पांच आरोपियों पर केस दर्ज

जबलपुर। शहर के रानीताल फ्लाईओवर के पास मंगलवार रात शराब के लिए पैसे नहीं देने पर बदमाशों ने दो सगे भाइयों पर चाकू से हमला कर दिया और फायरिंग कर छह हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। घटना में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें राहगीरों की मदद से मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से एक की हालत नाजुक बताई जा रही है।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, अन्ना मोहल्ला निवासी मोहम्मद अथर अंसारी मंगलवार रात अपने छोटे भाई मोहम्मद अली हुसैन के साथ मंडी में चाय पीने गया था। रात करीब साढ़े 11 बजे दोनों भाई बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रानीताल फ्लाईओवर के पास बदमाशों ने उन्हें रोककर शराब पीने के लिए दो हजार रुपये मांगे। पैसे देने से इनकार करने पर आरोपियों ने दोनों भाइयों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
पीड़ित के मुताबिक, मुख्य आरोपी सत्या ने अथर अंसारी पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसके पैर में गंभीर चोट आई। दोनों भाइयों ने मौके से भागने की कोशिश की, तभी आरोपी सत्यम ने कथित तौर पर पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी। गोली लगने से दूसरा भाई घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद आरोपी दोनों भाइयों के पास रखे छह हजार रुपये छीनकर फरार हो गए।
घटना के बाद राहगीरों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। मामले में लार्डगंज थाना पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।










































