फ़्लैश न्यूज़ब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेशराज्य

एमपी में मौसम का बड़ा उलटफेर, सीधी-रीवा समेत 12 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

एमपी में मौसम का बड़ा उलटफेर, सीधी-रीवा समेत 12 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

तेज हवाओं के साथ बरसेंगे बादल, 30 अक्टूबर तक कई जिलों में गरज-चमक की चेतावनी

6 28

भोपाल। मध्य प्रदेश में चक्रवाती तूफान के प्रभाव से मौसम में बदलाव की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, प्रदेश के कई हिस्सों में 31 अक्टूबर तक गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश का दौर जारी रह सकता है। पश्चिमी और पूर्वी मध्य प्रदेश के अलग-अलग जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

सीधी-रीवा समेत इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार, 29 अक्टूबर को सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, अनूपपुर, शहडोल, डिंडोरी, मंडला, बालाघाट, पन्ना और मैहर जिलों के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की आशंका जताई गई है। इन क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने की जानकारी दी गई है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना भी है।

30 अक्टूबर को भी बदला रहेगा मौसम

30 अक्टूबर को भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, देवास, शाजापुर, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना और श्योपुर सहित कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश का येलो अलर्ट बताया गया है। पूर्वी मध्य प्रदेश के सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी और आसपास के जिलों में भी बारिश की संभावना है।

30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

पूर्वानुमान के मुताबिक, प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। कुछ स्थानों पर हवा की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है। गरज-चमक के दौरान लोगों को खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी जाती है।

किसानों को सतर्क रहने की जरूरत

मौसम में संभावित बदलाव को देखते हुए किसानों को कटी हुई फसल, अनाज और कृषि उपज को सुरक्षित रखने की तैयारी करनी चाहिए। बारिश और तेज हवाओं के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें तथा मौसम विभाग की ताजा चेतावनियों पर नजर रखें।

What's your reaction?

Related Posts

Epaper