
विंध्यभूमि/रामपुर नैकिन। चुरहट विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए विधायक निधि से राशि स्वीकृत किए जाने के बावजूद कई प्रस्तावित कार्य अब तक जमीन पर दिखाई नहीं देने का मामला सामने आया है। कार्यालय कलेक्टर (योजना एवं सांख्यिकी) जिला सीधी के दस्तावेज के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2025-26 में तत्कालीन/वर्तमान विधायक चुरहट-76 श्री अजय सिंह राहुल जी द्वारा विभिन्न विकास कार्यों के लिए अनुशंसा की गई थी। इसके आधार पर तकनीकी एवं प्राक्कलन तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे।
दस्तावेज में रामपुर नैकिन विकासखंड की विभिन्न ग्राम पंचायतों में कुल 12 विकास कार्यों के लिए करीब 33.50 लाख रुपये की राशि का उल्लेख है। इनमें ग्राम पंचायत मड़िया के ग्राम मलागांव में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 5 लाख रुपये, ग्राम पंचायत भैंसरहा में शारदा मंदिर के पास सीढ़ी एवं टीन शेड के लिए 4 लाख रुपये, ग्राम पंचायत रेडुआरिया में माधव कोल के खेत के पास पुलिया निर्माण के लिए 3 लाख रुपये तथा अन्य गांवों में सीसी सड़क, पुलिया, चबूतरा और छतरी निर्माण जैसे कार्य शामिल हैं।
इसी सूची में ग्राम पंचायत बड़खरा-734 में राजकरण यादव के घर के पास ह्यूम पाइप एवं 40 एमएम पुलिया तथा 50-50 मीटर दोनों साइड नाली निर्माण के लिए 3 लाख रुपये, ग्राम पंचायत अमरपुर के बड़खरा-739 में मुख्य मार्ग से सुखलाल कोल के घर तक 100 मीटर सीसी सड़क के लिए 3 लाख रुपये और ग्राम पंचायत बड़खरा में देवी मंदिर के पास चबूतरा निर्माण के लिए 1 लाख रुपये का प्रावधान दर्ज है।
कागज पर राशि, जमीन पर काम कब?
दस्तावेज दिनांक 1 सितंबर 2025 का है। ऐसे में अब करीब एक वर्ष का समय बीतने के बाद भी यदि प्रस्तावित कार्य धरातल पर नहीं हुए हैं तो सवाल उठना स्वाभाविक है कि आखिर इन कार्यों की वर्तमान स्थिति क्या है? क्या सभी कार्यों की तकनीकी स्वीकृति और प्रशासकीय प्रक्रिया पूरी हुई, क्या राशि जारी हुई, और यदि राशि जारी हुई तो उसका उपयोग कहां और कैसे किया गया?
ग्रामीणों का कहना है कि विकास कार्यों के लिए राशि और अनुशंसा की जानकारी सामने आने के बावजूद यदि निर्माण कार्य नहीं हुए हैं तो संबंधित विभाग और ग्राम पंचायतों को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। वहीं, यदि किसी कार्य की राशि जारी होने के बाद भी निर्माण नहीं कराया गया है तो इसकी जांच कर जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए।
जिम्मेदारों से जवाब की मांग
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि विधायक निधि से प्रस्तावित 33.50 लाख रुपये के इन 12 कार्यों में से कितने कार्य पूरे हुए और कितने लंबित हैं? यदि कार्य लंबित हैं तो इसके पीछे कारण क्या है? ग्रामीणों ने प्रशासन से सभी कार्यों की वर्तमान स्थिति सार्वजनिक करने तथा जहां राशि जारी हो चुकी है, वहां निर्माण कार्यों की जांच कराने की मांग की है।





























