43 वर्षों की शिक्षकीय सेवा और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में योगदान को मिला सम्मान

दैनिक विंध्य भूमि ए पी शर्मा
सीधी। शिक्षा के क्षेत्र में करीब 43 वर्षों की दीर्घकालीन सेवाओं के लिए शिक्षिका श्रीमती अजीता द्विवेदी को शिक्षक दिवस के अवसर पर 5 सितंबर 2026 को राज्य स्तरीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि से सीधी के विद्यार्थियों, अभिभावकों, सहकर्मियों और विशेष रूप से मातृशक्तियों में प्रसन्नता का वातावरण है। राज्य स्तरीय सम्मान के बाद विभिन्न स्थानों पर उनके स्वागत और अभिनंदन का सिलसिला जारी है। श्रीमती अजीता द्विवेदी की पहली पदस्थापना 20 जनवरी 1984 को सीधी से करीब 10 किलोमीटर दूर नेबूहा गांव में हुई थी। लंबे शिक्षकीय कार्यकाल के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों की पढ़ाई के साथ उनके व्यक्तित्व विकास, सामाजिक जागरूकता, स्काउट-गाइड, योग और सांस्कृतिक गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया। उनके मार्गदर्शन में अनेक विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों में राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक सहभागिता की।
इसी क्रम में ललिता त्रिपाठी, सेवानिवृत्त ब्लॉक एक्सटेंशन एजुकेटर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेमरिया तथा शुभम त्रिपाठी, प्रयोगशाला तकनीशियन, शासकीय महाविद्यालय खड्डी ने अजीता द्विवेदी के निज निवास आयुष्मान कला भवन गांधीनगर कोटहा, सीधी पहुंचकर उनका आत्मीय अभिनंदन किया।
ललिता त्रिपाठी ने कहा कि अजीता द्विवेदी ने हजारों विद्यार्थियों को स्काउट, सांस्कृतिक और अन्य गतिविधियों से जोड़कर उन्हें आगे बढ़ने के अवसर दिए। विशेष रूप से बालिकाओं को विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता कराने तथा उनके अभिभावकों से समन्वय स्थापित करने में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि अजीता द्विवेदी से शिक्षा प्राप्त कर चुकी अनेक बालिकाएं और उनके परिवार आज उनके राज्य स्तरीय सम्मान से स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। ललिता त्रिपाठी ने बताया कि अजीता द्विवेदी की शिक्षकीय सेवाओं को सीधी के अनेक परिवारों ने लंबे समय तक निकट से देखा है। गंगोत्री जायसवाल, नीलम गुप्ता, दिलीप सोनी और दीपक सोनी सहित अनेक अभिभावक एवं पूर्व विद्यार्थी आज भी उनके योगदान को स्मरण करते हैं। उन्होंने कहा कि किसी शिक्षक के लिए इससे बड़ी उपलब्धि क्या होगी कि वर्षों बाद भी उसके विद्यार्थी और उनके परिवार सम्मान और स्नेह के साथ उसे याद करें। अजीता द्विवेदी ने सम्मान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि सीधी की मातृशक्ति, विद्यार्थियों, अभिभावकों, सहकर्मियों और उन सभी लोगों का सम्मान है, जिन्होंने उनके शिक्षकीय जीवन में सहयोग और प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि वह स्वयं को इस सम्मान का केवल माध्यम मानती हैं और इसे सीधी का गौरव बताती हैं।
पड़ेनिया में भी हुआ अभिनंदन
इसी क्रम में पड़ेनिया स्थित श्रीमती आरती मिश्रा, आचार्य राम शिरोमणि मिश्रा की धर्मपत्नी तथा उनकी सहेलियों ने भी अजीता द्विवेदी के सम्मान पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए गणपतिजी के समक्ष उनका अभिनंदन किया। इस दौरान श्रीमती पुनीता द्विवेदी, रानी द्विवेदी, विभा पटेल, ऊषा पटेल, रानी वर्मा सहित अनेक मातृशक्तियां मौजूद रहीं और उन्होंने अजीता द्विवेदी को शुभकामनाएं दीं।
चार दशक से अधिक की सेवा का सम्मान
अजीता द्विवेदी को मिला राज्य स्तरीय शिक्षक पुरस्कार उनके चार दशक से अधिक लंबे शिक्षकीय जीवन, समर्पण और विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं सर्वांगीण विकास में योगदान की महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। सम्मान से उनके परिवार, सहकर्मियों, पूर्व विद्यार्थियों और शुभचिंतकों में हर्ष का वातावरण है।











































