सीधी

गणपति उत्सव: हवन, कन्या भोज के साथ हुआ भंडारे का आयोजन

जिले भर में गणपति बप्पा के भक्तों में दिखा उत्साह
आज अनंत चतुर्दशी पर नम आंखों से दी जाएगी विदाई

सीधी में गणपति उत्सव के अंतिम चरण में हवन और भंडारे का आयोजन

दैनिक विंध्य भूमि ए पी शर्मा
सीधी। जिले भर में चल रहे दस दिवसीय गणेशोत्सव के अंतिम चरण में गुरुवार को गणेश प्रतिमा स्थलों पर हवन, कन्या भोज और भंडारे का आयोजन किया गया। सुबह से ही प्रतिमा स्थलों पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विशेष पूजन-अर्चन हुआ। इसके बाद हवन एवं कन्या भोज कराया गया, जबकि दोपहर बाद श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे शुरू हुए। प्रसाद ग्रहण करने के लिए प्रतिमा स्थलों पर दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ बनी रही। गणेशोत्सव के दौरान जिलेभर में भक्तों में खासा उत्साह देखने को मिला। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक जगह-जगह गणेश प्रतिमाएं स्थापित की गई थीं। पंडालों के अलावा बड़ी संख्या में लोगों ने अपने घरों में भी गणपति की स्थापना की। दस दिनों तक प्रतिमा स्थलों पर पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और अन्य धार्मिक कार्यक्रमों का सिलसिला चलता रहा।
गणेशोत्सव में महिलाओं की भागीदारी भी उल्लेखनीय रही। सीधी शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में शाम के समय महिलाओं की टोलियां प्रतिमा स्थलों पर पहुंचकर गणपति की आराधना करती रहीं। कई स्थानों पर महिलाओं ने भजन-कीर्तन में भी सहभागिता की।
बॉक्स
आज होगा प्रतिमाओं का विसर्जन
शुक्रवार को अनंत चतुर्दशी के अवसर पर गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा। दस दिवसीय उत्सव के समापन पर भक्तों में जहां उत्साह है, वहीं गणपति बप्पा को विदाई देने की मायूसी भी दिखाई दे रही है। श्रद्धालु अपने-अपने क्षेत्रों में निर्धारित जलाशयों, नदियों और घाटों पर विधि-विधान से प्रतिमाओं का विसर्जन करेंगे। जिले में सोन नदी के गऊघाट, कोलदहा, जोगदहा और भंवरसेन घाट सहित गोपद एवं बनास नदी के विभिन्न घाटों पर बड़ी संख्या में गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन की संभावना है। विसर्जन को लेकर प्रशासन और पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
बॉक्स
घाटों पर पुलिस बल और गोताखोर रहेंगे तैनात
विसर्जन स्थलों पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। बड़ी नदियों एवं प्रमुख घाटों पर मोटर वोट और गोताखोरों की व्यवस्था रखी गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके। प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं से निर्धारित घाटों पर ही सुरक्षित तरीके से प्रतिमा विसर्जन करने की अपील की गई है।

What's your reaction?

Related Posts

Epaper