फ़्लैश न्यूज़ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशमेरा शहरराज्यसतना

ड्यूटी के दौरान सुरक्षा गार्ड की मौत, 7 महीने बाद भी परिवार को नहीं मिला मुआवजा

ड्यूटी के दौरान सुरक्षा गार्ड की मौत, 7 महीने बाद भी परिवार को नहीं मिला मुआवजा

guarddeathinsatnaandmorchainroadbypeople

ए.के.एस. यूनिवर्सिटी में तैनात था मृतक रामभजन कुशवाहा, पत्नी ने ओबीसी महासभा के साथ कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन; तीन दिन में न्याय नहीं मिलने पर आंदोलन की चेतावनी

सतना। निजी संस्थानों में काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा और उनके परिवारों के अधिकारों को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। सतना जिले के नागौद स्थित ए.के.एस. यूनिवर्सिटी में ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले सुरक्षा गार्ड के परिवार को सात महीने से अधिक समय बीत जाने के बाद भी कथित तौर पर मुआवजा और बीमा राशि नहीं मिल सकी है। आर्थिक संकट से जूझ रही मृतक की पत्नी अब न्याय की मांग को लेकर प्रशासन के दरवाजे पहुंची है। पीड़ित परिवार ने ओबीसी महासभा के पदाधिकारियों के साथ सतना कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर संबंधित सुरक्षा एजेंसी के संचालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

ड्यूटी के दौरान बिगड़ी थी तबीयत, अस्पताल में हुई मौत

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामभजन कुशवाहा ए.के.एस. यूनिवर्सिटी में शिवम सिक्योरिटी सर्विसेज के माध्यम से सुरक्षा गार्ड के रूप में तैनात थे। गत 10 जनवरी 2026 को ड्यूटी के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। इस दौरान उनके सिर में गंभीर चोट लगने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।

इस घटना के बाद परिवार को उम्मीद थी कि सुरक्षा एजेंसी और संबंधित प्रबंधन की ओर से नियमानुसार आर्थिक सहायता एवं बीमा राशि उपलब्ध कराई जाएगी, लेकिन मृतक की पत्नी पुष्पा कुशवाहा का आरोप है कि सात महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद उन्हें कोई आर्थिक सहायता नहीं मिली है।

सुरक्षा एजेंसी संचालक पर टालमटोल का आरोप

पीड़ित परिवार ने शिवम सिक्योरिटी सर्विसेज के संचालक विक्रम सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार का कहना है कि मुआवजा और बीमा राशि के संबंध में लगातार संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन संचालक की ओर से कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया जा रहा है। आरोप यह भी है कि संचालक परिवार के फोन तक नहीं उठा रहे हैं। ऐसे में पति की मृत्यु के बाद परिवार आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहा है।

ओबीसी महासभा ने उठाई न्याय की मांग

लगातार निराशा हाथ लगने के बाद मृतक की पत्नी पुष्पा कुशवाहा ने ओबीसी महासभा से सहयोग मांगा। इसके बाद ओबीसी महासभा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष दीप नारायण कुशवाहा के नेतृत्व में पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पीड़ित परिवार के साथ सतना कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में मांग की गई कि सुरक्षा एजेंसी के संचालक के खिलाफ मामले की जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही पीड़ित परिवार को नियमानुसार मुआवजा एवं बीमा राशि जल्द से जल्द उपलब्ध कराई जाए। महासभा ने प्रशासन से तीन दिन के भीतर उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग रखी है।

What's your reaction?

Related Posts

Epaper