bhopalफ़्लैश न्यूज़ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशराज्य

दीपावली की खुशियां मातम में बदलीं: कटनी-सिवनी में अग्निकांड से 12 की दर्दनाक मौत, दो परिवारों के छह-छह सदस्यों की गई जान

दीपावली की खुशियां मातम में बदलीं: कटनी-सिवनी में अग्निकांड से 12 की दर्दनाक मौत, दो परिवारों के छह-छह सदस्यों की गई जान

बरही में क्रॉकरी दुकान से मकान तक पहुंची आग, छपारा में सराफा कारोबारी का घर बना आग का शिकार; मासूम बच्चों और बुजुर्गों की भी मौत, मुख्यमंत्री ने 4-4 लाख रुपये सहायता के दिए निर्देश

mpbn 20261109 7dcfe4 1

मध्यप्रदेश। दीपावली की खुशियों के बीच मध्यप्रदेश के कटनी और सिवनी जिले में आग ने ऐसा कहर बरपाया कि दो परिवार पूरी तरह उजड़ गए। रविवार देर रात और सोमवार तड़के हुई आगजनी की दो अलग-अलग घटनाओं में कुल 12 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों हादसों में एक-एक परिवार के छह-छह सदस्यों ने अपनी जान गंवाई। मृतकों में मासूम बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग शामिल हैं। इन हृदयविदारक घटनाओं से पूरे प्रदेश में शोक की लहर है।

कटनी के बरही में तीन मंजिला मकान आग की चपेट में

कटनी जिले के बरही में रविवार रात करीब 11:30 बजे पूरन अग्रवाल की क्रॉकरी दुकान में अचानक आग लग गई। दुकान के ऊपर बने तीन मंजिला मकान में परिवार के सदस्य सो रहे थे। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और ऊपरी मंजिलों तक फैल गई। आग और धुएं के कारण परिवार के छह सदस्य मकान के अंदर फंस गए।

इस हादसे में 77 वर्षीय पूरन अग्रवाल, उनकी पत्नी चंद्रकला, बहू पूनम, 14 वर्षीय आर्या, छह वर्षीय अन्वी और दो महीने के मासूम की मौत हो गई। परिवार के दो अन्य सदस्य किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। बरही, विजयराघवगढ़, कैमोर और कटनी से दमकल वाहन बुलाए गए। रातभर चले बचाव अभियान के दौरान सुबह करीब 4:30 बजे पूरन अग्रवाल को बाहर निकाला गया। इसके बाद जेसीबी की मदद से मकान की दीवार तोड़कर अन्य पांच सदस्यों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। घटना के बाद स्थानीय स्तर पर दमकल व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं।

सिवनी के छपारा में सराफा कारोबारी के घर में भीषण अग्निकांड

दूसरी घटना सिवनी जिले के छपारा कस्बे के महावीर वार्ड स्थित जैन मोहल्ले की है। यहां सोमवार तड़के सराफा कारोबारी कुंदन सोनी के मकान में अचानक आग लग गई। हादसे के समय घर में परिवार के दस सदस्य मौजूद थे। आग तेजी से फैलने के कारण छह लोग बाहर नहीं निकल सके।

इस अग्निकांड में 75 वर्षीय कुंदन लाल सोनी, उनकी पत्नी राजकुमारी सोनी, ऋतु सोनी, स्मृति सोनी, सूर्या सोनी और 16 वर्षीय आदित्य सोनी की मौत हो गई। वहीं परिवार के चार अन्य सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

लखनादौन के एसडीओपी अपूर्व भलावी के अनुसार, घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, दमकल और एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों ने भी राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।

मुख्यमंत्री ने जताया गहरा दुख, मृतकों के परिजनों को मिलेगी आर्थिक सहायता

दोनों घटनाओं पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने राज्य शासन की ओर से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।

दोनों घटनाओं की जांच की जा रही है। दीपावली के पर्व पर हुए इन भीषण अग्निकांडों ने सुरक्षा इंतजामों और आग से बचाव की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

What's your reaction?

Related Posts

Epaper