
विंध्यभूमि,छतरपुर/भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून की सक्रियता के बीच कई जिलों में नदी-नाले उफान पर हैं। पुल-पुलियाओं के ऊपर से पानी बहने के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। जिन इलाकों में सड़क संपर्क के लिए पुलिया ही एकमात्र रास्ता है, वहां लोग पानी उतरने का इंतजार करने को मजबूर हैं। वहीं कुछ लोग जल्दबाजी या मजबूरी में तेज बहाव के बीच पुल-पुलिया पार कर अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं।
बीते दिनों प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से ऐसे मामले सामने आए हैं, जहां पानी के तेज बहाव के कारण वाहन दुर्घटनाग्रस्त हुए। शिवपुरी में एक युवक पानी से लबालब पुलिया पार करते समय बह गया। ग्रामीणों ने किसी तरह युवक को सुरक्षित बचा लिया, लेकिन उसकी बाइक पानी के तेज बहाव में बह गई।
दमोह में पुल से नदी में गिरा डंपर
दमोह में भी बारिश के बीच एक डंपर पुल से नीचे नदी में जा गिरा। बताया गया कि डंपर में सीमेंट भरा हुआ था और बारिश के कारण पुल पर फिसलन बढ़ गई थी। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर नदी में गिर गया। हादसे ने बारिश के दौरान पुल-पुलियाओं पर बढ़ने वाले खतरे को एक बार फिर सामने ला दिया।
छतरपुर में उफनती नदी पार करने का जोखिम
छतरपुर जिले की गौरिहार जनपद पंचायत अंतर्गत खड्डी गांव की छोटी नदी में भारी बारिश के बाद अचानक जलस्तर बढ़ गया। नदी उफान पर आने के बाद पुल के ऊपर से पानी बहने लगा, जिससे सामान्य आवागमन बाधित हो गया। रास्ता बंद होने के बावजूद कुछ लोग जोखिम उठाकर नदी पार करते नजर आए।
स्थानीय स्तर पर सामने आए वीडियो में लोग बाइक सहित पानी से भरी पुलिया पार करते दिखाई दे रहे हैं। कुछ ग्रामीण भारी वाहनों और ट्रोलों के सहारे भी उफनते पानी को पार करने की कोशिश कर रहे हैं। यह स्थिति ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश के दौरान आवागमन की गंभीर समस्या को उजागर करती है।
प्रशासन की अपील के बावजूद जोखिम उठा रहे लोग
उफनती नदियों और नालों को लेकर प्रशासन लगातार लोगों को सतर्क रहने की सलाह दे रहा है। लोगों से जलभराव वाले रास्तों और तेज बहाव वाले पुल-पुलियाओं से दूर रहने की अपील की जा रही है। इसके बावजूद कई स्थानों पर मजबूरी या लापरवाही के चलते लोग पानी के बीच से निकलने का प्रयास कर रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि कई क्षेत्रों में पुल-पुलिया पार किए बिना दूसरे गांव या मुख्य मार्ग तक पहुंचना मुश्किल है। ऐसे में पानी उतरने तक उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ता है। कुछ स्थानों पर वाहन चालकों द्वारा ग्रामीणों को सुरक्षित तरीके से रास्ता पार कराने में मदद करने की बात भी सामने आई है।
तेज बहाव में पुलिया पार करना पड़ सकता है भारी
बारिश के दौरान पुल के ऊपर बहता पानी देखने में कम गहरा नजर आ सकता है, लेकिन तेज बहाव दोपहिया वाहन या पैदल व्यक्ति का संतुलन बिगाड़ सकता है। पानी का बहाव अचानक बढ़ने की स्थिति में बड़ा हादसा हो सकता है।
ऐसे में प्रशासन की अपील को गंभीरता से लेते हुए लोगों को पानी से ऊपर बह रही पुलिया पार करने से बचना चाहिए। कुछ मिनट या घंटों की देरी से कहीं बेहतर है कि पानी का बहाव कम होने का इंतजार किया जाए।











































