
विंध्यभूमि,सीधी। सीधी जिले के कुसमी क्षेत्र की आदिवासी छात्रा मीनाक्षी सिंह ने राष्ट्रपति भवन पहुंचकर जिले और पूरे विंध्य क्षेत्र का गौरव बढ़ाया। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय (EMRS) टंसर में अध्ययनरत मीनाक्षी को रक्षाबंधन के अवसर पर देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करने और उन्हें राखी बांधने का विशेष अवसर मिला।
दिल्ली में आयोजित विशेष कार्यक्रम के दौरान मीनाक्षी सिंह राष्ट्रपति भवन पहुंचीं। यहां उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को राखी बांधी और उनके साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाया। राष्ट्रपति के साथ हुई इस मुलाकात ने मीनाक्षी के जीवन में एक यादगार अध्याय जोड़ दिया है।
आदिवासी अंचल की प्रतिभा ने बनाई राष्ट्रीय पहचान
मीनाक्षी सिंह सीधी जिले के कुसमी क्षेत्र स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय टंसर में अध्ययनरत हैं। ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्र से आने वाली मीनाक्षी ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के बल पर राष्ट्रपति भवन तक पहुंचकर यह साबित किया कि सुविधाओं की सीमाएं प्रतिभा की उड़ान को नहीं रोक सकतीं।
राष्ट्रपति से मुलाकात के दौरान मीनाक्षी ने ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों के विद्यार्थियों की प्रतिभा को राष्ट्रीय मंच मिलने का संदेश भी दिया। उनकी यह उपलब्धि क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक मानी जा रही है।
कलेक्टर विकास मिश्रा ने बताया गौरव का क्षण
सीधी कलेक्टर विकास मिश्रा ने मीनाक्षी सिंह की राष्ट्रपति से मुलाकात को जिले के लिए गौरव का विषय बताया। उन्होंने कहा कि जिले की छात्रा को देश की राष्ट्रपति के साथ रक्षाबंधन मनाने का अवसर मिलना सीधी के लिए सम्मान की बात है।
उन्होंने कहा कि मीनाक्षी की यह उपलब्धि जिले के अन्य विद्यार्थियों को भी आगे बढ़ने और अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी।
राष्ट्रपति भवन की तस्वीरें बनीं यादगार
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ रक्षाबंधन मनाते हुए मीनाक्षी सिंह की तस्वीरें सामने आने के बाद क्षेत्र में खुशी का माहौल है। कुसमी के वनांचल क्षेत्र से निकलकर राष्ट्रपति भवन तक पहुंची मीनाक्षी की उपलब्धि को लोग सीधी जिले के साथ-साथ पूरे विंध्य क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि मान रहे हैं।










































