भोपालमध्य प्रदेश

मोदी के जन्मदिन पर MP में जगमगाएंगे 58 लाख दीप, 17 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प’

महाकाल महालोक सहित प्रदेशभर में दीप प्रज्ज्वलन की तैयारी, 17 अक्टूबर तक चलेंगी सेवा और जनकल्याण से जुड़ी गतिविधियां

मोदी के जन्मदिन पर मध्य प्रदेश में 58 लाख दीप प्रज्ज्वलन की तैयारी
भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर को मध्य प्रदेश में बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर उज्जैन के महाकाल महालोक सहित प्रदेशभर में करीब 58 लाख आशीर्वाद दीप प्रज्ज्वलित किए जाने की तैयारी है। इसी दिन से प्रदेश में एक महीने तक चलने वाला ‘सेवा संकल्प अभियान’ भी शुरू होगा, जो 17 अक्टूबर तक चलेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अभियान को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा यात्रा के प्रति प्रदेशवासियों के आभार और सम्मान की अभिव्यक्ति बताया है। उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुई मोदी की राजनीतिक-सार्वजनिक सेवा यात्रा अब 25 वर्ष के महत्वपूर्ण पड़ाव की ओर बढ़ रही है।
महाकाल महालोक रहेगा प्रमुख केंद्र
17 सितंबर को उज्जैन का महाकाल महालोक दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम का प्रमुख केंद्र रहेगा। इसके अलावा प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में भी दीप जलाए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन में गरीब, किसान, युवा, महिला और वंचित वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने पर विशेष जोर रहा है।
केंद्र की योजनाओं को भी अभियान से जोड़ा
मुख्यमंत्री ने मोदी सरकार की विभिन्न योजनाओं और अभियानों का उल्लेख करते हुए कहा कि गरीबों के लिए मुफ्त राशन, आवास, शौचालय, सामाजिक सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं से लेकर आयुष्मान भारत, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना और प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना जैसी पहलों ने आम लोगों के जीवन में बदलाव लाने का काम किया है।
युवाओं के संदर्भ में उन्होंने स्टार्टअप, स्किल डेवलपमेंट, मेक इन इंडिया, डिजिटल इंडिया, खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसे अभियानों का उल्लेख किया। वहीं महिला सशक्तिकरण के लिए बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, लखपति दीदी और नारी शक्ति वंदन अधिनियम को महत्वपूर्ण पहल बताया।
MP सरकार ने भी गिनाईं अपनी उपलब्धियां
मुख्यमंत्री ने मध्य प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में 85 हजार से अधिक युवाओं को शासकीय सेवाओं में नियुक्तियां दी गई हैं। सरकार का लक्ष्य आने वाले समय में हर वर्ष एक लाख से अधिक युवाओं को सार्वजनिक क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
उन्होंने लाड़ली बहना योजना, कृषक कल्याण वर्ष, सिंचाई क्षमता में वृद्धि और कृषि भूमि के भू-अर्जन पर बाजार दर का चार गुना मुआवजा देने जैसे फैसलों का भी उल्लेख किया।
निवेश और इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी जोर
डॉ. यादव के अनुसार मध्य प्रदेश को करीब 34 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनमें लगभग 15 लाख करोड़ रुपये के प्रस्ताव धरातल पर उतर चुके हैं। उन्होंने रीवा, दतिया और सतना एयरपोर्ट, केन-बेतवा लिंक परियोजना तथा पार्वती-कालीसिंध-चंबल लिंक परियोजना को प्रदेश के विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाएं बताया।
मुख्यमंत्री ने इंदौर-उज्जैन-देवास-धार और भोपाल-सीहोर-रायसेन-विदिशा-ब्यावरा क्षेत्र में प्रस्तावित मेट्रोपॉलिटिन रीजन की दिशा में हो रहे कार्यों का भी उल्लेख किया।
एक महीने तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ में सेवा, सुशासन और जनकल्याण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री मोदी की सार्वजनिक सेवा यात्रा से प्रेरणा लेकर समाज में सेवा की भावना को मजबूत करना है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकसित भारत के लक्ष्य के अनुरूप विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है।

What's your reaction?

Related Posts

Epaper