पटेहरा कोठार में कांग्रेस की गोष्ठी, ग्रामीणों को वस्तुस्थिति से कराया अवगत

सीधी: अयोध्या स्थित प्रभु श्री राम मंदिर से जुड़े चंदे में कथित अनियमितताओं और घोटाले के आरोपों को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कुचवाही द्वारा ग्राम पटेहरा कोठार में गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में जिला कांग्रेस कमेटी सीधी के अध्यक्ष ज्ञान सिंह ने शामिल होकर ग्रामीणों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पूरे मामले की जानकारी दी। इस दौरान राम मंदिर निर्माण के लिए श्रद्धालुओं से प्राप्त चंदे की पारदर्शिता, उपयोग और कथित वित्तीय अनियमितताओं को लेकर चर्चा की गई।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्ञान सिंह ने कहा कि प्रभु श्री राम करोड़ों सनातनियों की आस्था और श्रद्धा के केंद्र हैं। राम मंदिर से जुड़ा चंदा केवल धनराशि नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास का प्रतीक है। ऐसे में चंदे के उपयोग में किसी भी प्रकार की अनियमितता करोड़ों सनातनियों की आस्था के साथ कुठाराघात है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसी की धार्मिक आस्था के विरुद्ध नहीं है और न ही मंदिर निर्माण का विरोध कर रही है। कांग्रेस की मांग केवल इतनी है कि राम मंदिर निर्माण से जुड़े चंदे और आर्थिक लेन-देन में यदि कोई आरोप सामने आए हैं तो उनकी निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच कराकर वास्तविकता जनता के सामने लाई जाए। श्रद्धालुओं ने अपनी आस्था के साथ मंदिर निर्माण के लिए सहयोग दिया है, इसलिए उस धन के उपयोग को लेकर पूरी पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए।
गोष्ठी के दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों ने ग्रामीणों को राम मंदिर से जुड़े चंदे की कथित अनियमितताओं के आरोपों की जानकारी दी और मामले की वस्तुस्थिति से अवगत कराया। वक्ताओं ने कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़े आर्थिक मामलों में किसी भी प्रकार की शंका को राजनीतिक बयानबाजी के बजाय जांच और तथ्यों के माध्यम से दूर किया जाना चाहिए। कांग्रेस ने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा जांच में यदि वित्तीय अनियमितता, भ्रष्टाचार अथवा किसी प्रकार की गड़बड़ी प्रमाणित होती है तो संबंधित जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाए। गोष्ठी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने भी अपने विचार रखे। इस दौरान धार्मिक संस्थाओं से जुड़े आर्थिक मामलों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई। कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे.










































