सीधी

सीधी : ग्रामीणों और विद्यार्थियों को बताए सावधानी बरतने के उपाय, बैंकिंग सेवाओं की भी दी जानकारी

साइबर ठगी से बचाव को लेकर बैंक ऑफ इंडिया ने लगाई पाठशाला

सीधी में साइबर ठगी से बचाव को लेकर बैंक ऑफ इंडिया की जागरूकता पाठशाला

सीधी। एपी शर्मा ,साइबर ठगी के बढ़ते मामलों के बीच लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से बैंक ऑफ इंडिया की सीधी शाखा द्वारा 18 सितंबर को शासकीय प्राथमिक शाला कुड़ैनिया में साइबर जागरूकता पाठशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बैंक अधिकारियों ने ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों को साइबर ठगी के तरीकों और उससे बचाव के उपायों की विस्तार से जानकारी दी।
बैंक ऑफ इंडिया सीधी शाखा के शाखा प्रबंधक कुलदीप राय ने साइबर ठगी को गंभीर चिंता का विषय बताते हुए कहा कि साइबर ठग लोगों की जीवनभर की मेहनत की कमाई को कुछ ही समय में ठगी का शिकार बना देते हैं। उन्होंने लोगों को अनजान फोन कॉल, संदेश, लिंक और संदिग्ध मोबाइल अनुप्रयोगों से सावधान रहने की सलाह दी। साथ ही बैंक खाते से संबंधित गोपनीय जानकारी, ओटीपी, एटीएम पिन और अन्य बैंकिंग विवरण किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की समझाइश दी। सहायक शाखा प्रबंधक अभय गुप्ता ने बैंक की विभिन्न ऋण एवं बैंकिंग योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि नया उद्योग या व्यवसाय शुरू करने वालों के लिए ऋण सुविधा, विद्यार्थियों के लिए शिक्षा ऋण, गृह ऋण, वाहन ऋण, व्यक्तिगत ऋण तथा किसानों के लिए किसान क्रेडिट कार्ड सहित आवश्यकतानुसार विभिन्न बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि बैंक की सेवाओं का लाभ लेने के लिए ग्राहक सीधे बैंक से संपर्क करें। कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिक भोला प्रसाद पाण्डेय, खैरा संकुल प्रभारी प्राचार्य सोधिया, जनशिक्षक अजीत पाण्डेय, प्रधानाध्यापक सतीश कुमार पाण्डेय, शिक्षक राधाकांत शर्मा, प्रमिला द्विवेदी, रविशंकर शुक्ल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन प्रधानाध्यापक सतीश कुमार पाण्डेय ने किया।

What's your reaction?

Related Posts

Epaper