सीधी

भोपाल से कुछ लोगों के पहुंचने का दावा, प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन के आरोप

बहरी में धर्मांतरण की सूचना पर बजरंग दल ने जताया विरोध

बहरी में धर्मांतरण की सूचना पर बजरंग दल ने जताया विरोध

सीधी। एपी शर्मा ,जिले के बहरी तहसील क्षेत्र में कथित धर्मांतरण गतिविधि को लेकर मामला सामने आया है। प्राप्त सूचना के अनुसार भोपाल से कुछ लोगों के बहरी पहुंचने और स्थानीय लोगों को कथित तौर पर पैसे तथा अन्य प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किए जाने की बात कही जा रही है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।

मामले की सूचना मिलने पर बजरंग दल के जिला सह-संयोजक सतीश द्विवेदी एवं ऋषि शुक्ला मौके पर पहुंचे और कथित गतिविधि का विरोध करते हुए पुलिस को सूचना दी। संगठन की ओर से मामले में शिकायत दर्ज कराते हुए पूरे प्रकरण की जांच और दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई।
बताया गया कि मामले की जानकारी सिहावल विधायक विश्वामित्र पाठक को भी दी गई, जिसके बाद उनके स्तर से भी मामले में सहयोग किया गया। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए बहरी थाना प्रभारी राजेश पांडेय द्वारा कार्रवाई किए जाने की जानकारी सामने आई है।

निष्पक्ष जांच की मांग

बजरंग दल की ओर से मांग की गई है कि पूरे मामले की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच कराई जाए। यदि जांच में किसी व्यक्ति द्वारा दबाव, प्रलोभन या कानून का उल्लंघन किए जाने की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। संगठन ने मामले में सहयोग एवं तत्परता के लिए विधायक विश्वामित्र पाठक और बहरी थाना प्रभारी राजेश पांडेय के प्रति आभार भी व्यक्त किया है।

Related Posts

Epaper