दिल्लीराष्ट्रीय

गुजरात : पीएम के जन्मदिन पर मोदी-शाह का पुतला फूंकने पर 21 किसानों पर एफआईआर, भाजपा विधायक के भाई ने जताया रोष

गुजरात के मोरबी में प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर किसानों का विरोध प्रदर्शन
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन (17 सितंबर) पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) देशभर में कई कार्यक्रमों के जरिए जश्न मना रही थी. भाजपा शासित राज्यों की सरकारें भी इन आयोजनों में शामिल थीं. इस दौरान सरकारी स्तर पर भी कार्यक्रम हुए, जिनमें करदाताओं के पैसे से ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया गया.

हालांकि, इसी रात गुजरात के मोरबी जिले के जेपतर गांव में किसानों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पुतले फूंककर विरोध दर्ज कराया. किसान राज्य की भाजपा सरकार और उद्योगपति गौतम अडानी से जुड़े बिजली प्रोजेक्ट का चार महीने से विरोध कर रहे हैं.

पुतला फूंकने की इस घटना के बाद मोरबी थाने में 21 किसानों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. शिकायत मोरबी थाने के इंस्पेक्टर ने ही दर्ज कराई है.
शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने कथित तौर पर सुनियोजित साजिश के तहत सार्वजनिक सड़क पर ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर आग लगाई, जिससे दहशत का माहौल पैदा हुआ. शिकायत में उन पर सार्वजनिक शांति भंग करने का भी आरोप लगाया गया है.

प्रदर्शनकारी किसानों का कहना है कि पुलिस ने भले ही 21 किसानों के खिलाफ मामला दर्ज किया है, लेकिन आंदोलन में शामिल 21 हजार किसान भी जेल जाने के लिए तैयार हैं, ‘यह एफआईआर विरोध प्रदर्शन के हमारे संवैधानिक अधिकार के खिलाफ है.’
ध्यान रहे किसानों के इस आंदोलन को गुजरात सरकार में श्रम, कौशल विकास और रोजगार विभाग के राज्य मंत्री तथा मोरबी से भाजपा विधायक कांतिभाई अमृतिया के भाइयों (काराभाई अमृतिया और भरतभाई अमृतिया) का समर्थन भी मिला हैं. द वायर हिंदी से बातचीत में काराभाई ने मोरबी पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर को किसानों को परेशान करने का तरीका बताया.

उन्होंने किसान आंदोलन को लेकर अपना रुख स्पष्ट करते हुए कहा, ‘मैं किसानों के साथ हूं. इस एफआईआर के बाद हमारा आंदोलन तेज हो गया है. पुलिस धरपकड़ की फिराक में थी, लेकिन देखते ही देखते दस हजार किसान जुट गए और प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं कर पाई.’

पिछले महीने भी काराभाई अमृतिया ने किसानों की बैठक में शामिल होकर सरकार और कंपनी को चेतावनी दी थी. जुलाई महीने में मंत्री के दोनों भाई काराभाई अमृतिया और भरतभाई अमृतिया किसानों के साथ धरने पर भी बैठे थे. इस दौरान काराभाई अमृतिया ने 19 दिन तक अनशन भी किया था.

क्यों हो रहा है आंदोलन

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर जेपतर का यह प्रदर्शन ऐसे समय हुआ है जब बिजली ट्रांसमिशन लाइन और टावरों के खिलाफ किसानों का आंदोलन गुजरात के दूसरे इलाकों तक भी पहुंच चुका है. मोरबी जिले के किसानों का दावा है कि इस परियोजना से वे ‘सबसे ज्यादा प्रभावित’ हैं.

जेपतर और आसपास के करीब 35 गांवों के किसान अपनी कृषि भूमि से गुजरने वाली हाई-वोल्टेज बिजली ट्रांसमिशन लाइन के खिलाफ जून से ही आंदोलन कर रहे हैं. जुलाई में किसानों ने 19 दिन का भूख हड़ताल भी की थी.

हाई-टेंशन बिजली ट्रांसमिशन लाइनों के लिए टावर लगाने का काम हलवद ट्रांसमिशन लिमिटेड कर रही है. यह अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड (एईएसएल) की एक स्पेशल पर्पज व्हीकल (एसपीवी) कंपनी है. एईएसएल देश की सबसे बड़ी निजी क्षेत्र की बिजली ट्रांसमिशन और वितरण कंपनियों में से एक है.

मोरबी किसानों की मांग है कि उनकी जमीन पर बिछाई जा रही हाई-वोल्टेज ट्रांसमिशन लाइनों के इस्तेमाल के बदले उन्हें अधिक मुआवजा दिया जाए.

जुलाई में गुजरात सरकार ने किसानों की मांगों पर कुछ बदलावों की घोषणा भी की थी. सरकार ने मुआवजे के लिए पुराने जन्तरी रेट (सरकार द्वारा निर्धारित किया गया न्यूनतम मूल्य) के बजाय बाजार मूल्य को आधार बनाने और उसके आधार पर भुगतान का नया ढांचा प्रस्तावित किया था. हालांकि, किसानों की सभी मांगें पूरी नहीं हुई थीं और आंदोलन जारी रहा.

ख़ुद पुलिसकर्मी ने की शिकायत, फिर हुई एफआईआर

17 तारीख़ को हुए प्रदर्शन की शिकायत किसी राजनीतिक दल के कार्यकर्ता या आम नागरिक ने नहीं, बल्कि मोरबी तालुका थाने के पुलिस इंस्पेक्टर नीलेशभाई सावजीभाई घेतिया ने दर्ज कराई है. 18 सितंबर 2026 को शाम 5:15 बजे मोरबी तालुका पुलिस स्टेशन में दर्ज एफआईआर

एफआईआर के अनुसार, 17 सितंबर 2026 की रात घेतिया पुराने आरटीओ रोड पर पेट्रोलिंग कर रहे थे. इसी दौरान करीब रात 10:56 बजे उन्हें वॉट्सऐप के जरिए एक वीडियो मिला. पुलिस के मुताबिक, वीडियो में कुछ लोग एक जगह एकत्र होकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दो पुतले जलाते और सरकार के खिलाफ नारे लगाते दिखाई दे रहे थे.

एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि 17 सितंबर 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के विरोध में जेतपर गांव में प्रदर्शन किया गया.

हालांकि, प्रदर्शनकारी किसानों का कहना है कि उनका विरोध प्रधानमंत्री के जन्मदिन के खिलाफ नहीं था, बल्कि बिजली लाइन के मुआवजे को लेकर सरकार की कथित अनदेखी के खिलाफ था.

एफआईआर में 21 लोगों को नामजद किया गया है.

नेहुल धीरजलाल अमृतिया
हर्षद चतुरभाई अघारा
राजुभाई भुदर कंडिया (पावभाजी)
दीपक नाथाभाई झाकासणिया
लालजी घनश्याम झाकासणिया
ललित उर्फ भोटियो चीकुभाई अघारा
कोकाभाई बचुभाई कंडिया
अमित बचुभाई कंडिया
नरेश बचुभाई अघारा
नंदलाल प्रभुभाई अमृतिया
गोविंद धरमशीभाई अमृतिया
चतुर छगन अघारा
लाभुभाई अमरशीभाई वरसड़ा
हिरेन चंदुभाई अघारा
विपुल मगनभाई कंडिया
खुशांगीबेन राजेशभाई अघारा
दर्शनाबेन उर्फ गुडीबेन हर्षदभाई अघारा
मितलबेन विपुलभाई कंडिया
ज्योतिबेन निकेतभाई पंचासर
नीरूभा प्रमोदसिंह जाडेजा
हीरजीभाई देवजीभाई देत्रोज
एफआईआर में अधिकांश आरोपियों का पता जेतपर, तालुका मोरबी, जिला मोरबी दर्ज है. 20वें और 21वें आरोपी के पते कुंभारीया गांव, तालुका माळिया (मियाणा), जिला मोरबी दर्ज हैं.

एफआईआर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की आठ धाराएं लगाई गई हैं. इनमें धारा 61(2) आपराधिक साजिश, 126(2) गलत तरीके से रास्ता रोकने, 189(2) गैरकानूनी जमावड़े का सदस्य होने, 192 दंगा कराने के इरादे से उकसावे, और 223 लोक सेवक द्वारा विधिवत घोषित आदेश की अवहेलना से संबंधित है.

इस मामले में महत्वपूर्ण बात यह है कि एफआईआर में मोरबी के जिला मजिस्ट्रेट के 31 अगस्त 2026 के सार्वजनिक आदेश/अधिसूचना के उल्लंघन का भी आरोप लगाया गया है. इस आदेश के बारे में अधिक जानकारी नहीं दी गई है, हालांकि द वायर हिंदी ने इस बाबत एसपी को सवाल किया है, जिसका उत्तर ख़बर के प्रकाशन तक नहीं मिला है.

इसके अलावा बीएनएस की धारा 285 सार्वजनिक रास्ते में खतरा या अवरोध पैदा करने, धारा 287 आग या ज्वलनशील पदार्थ के संबंध में लापरवाही और धारा 352 शांति भंग करने के लिए जानबूझकर अपमान और उकसावे से संबंधित है.

‘मैं तो प्रदर्शन में था ही नहीं’

एफआईआर में नामजद लोगों में से एक किसान नेता हिरेन चंदुभाई अघारा ने द वायर हिंदी से बातचीत में दावा किया कि वे 17 सितंबर की रात हुए पुतला दहन में शामिल नहीं थे, फिर भी उनका नाम एफआईआर में दर्ज कर लिया गया है. ‘मैं उधर था ही नहीं. लेकिन फिर भी मैं कहूंगा कि विरोध करना सबका संवैधानिक अधिकार है,’ वे कहते हैं.

यही बात किसानों के आंदोलन को नेतृत्व दे रहे नेहुल अमृतिया ने भी दोहराई, ‘एफआईआर में जिन 21 लोगों के नाम लिखे गए हैं, वे लोग तो वहां थे भी नहीं. फिर भी उनके नाम दर्ज कर दिए गए. यह एफआईआर पूरी तरह गलत है. गुजरात के किसान इसका जवाब देंगे. हम इस लड़ाई को सुप्रीम कोर्ट तक लड़ेंगे.’

उन्होंने आगे कहा, ‘पुलिस खुद ही फरियादी बनकर एफआईआर दर्ज कर रही है. यह राजनीतिक लोगों के दबाव में दर्ज की गई एफआईआर है. राजनीतिक लोगों के पुतले कोई पहली बार तो नहीं जलाए गए हैं, पहले भी कई लोगों के पुतले जलाए जाते रहे हैं.’

काराभाई अमृतिया ने भी अपने ऊपर दबाव होने की बात कही. जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें अपने भाई कांतिभाई अमृतिया का समर्थन नहीं मिल रहा है, तो उन्होंने कहा, ‘समर्थन मिलता है. मैं उनको किसानों के आंदोलन में लेकर भी गया था. लेकिन मुझे लगता है कि मेरे भाई की भी नहीं सुनी जा रही है. इसलिए मैं सामने आया हूं.’

उन्होंने कहा, ‘सबके ऊपर दबाव है. किसी की नहीं सुना जा रही है. मेरे ऊपर भी दबाव है. और ज्यादा दबाव बनाने के लिए छापे मारे जाते हैं. खुद मेरे ऊपर बिजली विभाग, जीएसटी आदि के पांच-छह छापे पड़ चुके हैं.’

Related Posts

Epaper