
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। बारिश के बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले कुछ घंटों के लिए जिला स्तर पर रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है।
IMD ने 12 और 13 सितंबर को दिल्ली समेत आसपास के क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां जारी रहने का अनुमान जताया है। शनिवार को सुबह से दोपहर तक कुछ स्थानों पर हल्की बारिश के साथ आंधी और बिजली चमकने की भी संभावना है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, दिल्ली के ऊपर से गुजर रही मॉनसून की रेखा बारिश की प्रमुख वजहों में से एक है। मौसम वैज्ञानिक नवदीप दहिया के मुताबिक, मॉनसून की रेखा के दक्षिण की ओर खिसकने के कारण उत्तर प्रदेश, दिल्ली-NCR, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ और राजस्थान के कुछ हिस्सों में सप्ताहांत तक दोपहर और शाम के समय बारिश हो सकती है। हालांकि, बारिश सभी इलाकों में एक जैसी नहीं होगी और कुछ खास क्षेत्रों तक सीमित रह सकती है।
बारिश के असर से दिल्ली के तापमान में भी गिरावट आने की संभावना है। गुरुवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि शनिवार से तापमान 33 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने का अनुमान है।
वहीं, पिछले कुछ दिनों से बारिश नहीं होने के कारण दिल्ली की वायु गुणवत्ता में भी गिरावट दर्ज की गई थी। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, गुरुवार को राजधानी का AQI 134 दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है।
CPCB के अनुसार, 0 से 50 तक AQI ‘अच्छा’, 51 से 100 ‘संतोषजनक’, 101 से 200 ‘मध्यम’, 201 से 300 ‘खराब’, 301 से 400 ‘बहुत खराब’ और 400 से अधिक AQI ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।











































