मध्य प्रदेशराष्ट्रीयसतना

चार छात्राओं पर मारपीट, धमकी और वीडियो बनाने के आरोप; पुलिस वायरल वीडियो की कर रही जांच

सतना में छात्रा से मारपीट का सनसनीखेज मामला

संबंध से इनकार पर छात्रा को सुनसान जगह ले जाकर पीटने का आरोप, 38 दिन बाद दर्ज हुई FIR

सतना में छात्रा से मारपीट के वायरल वीडियो का मामला

सतना। जिले के विट्स कॉलेज की एक छात्रा के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आने के बाद सनसनी फैल गई है। पीड़िता ने कॉलेज में साथ पढ़ने वाली एक छात्रा और उसकी तीन अन्य सहेलियों पर उसे बहाने से सुनसान स्थान पर ले जाकर मारपीट करने, धमकाने और घटना का वीडियो बनाने का आरोप लगाया है। पीड़िता के अनुसार, एक छात्र के साथ संबंध बनाने से इनकार करने के बाद उस पर दबाव बनाया जा रहा था।

बताया गया है कि घटना 6 अगस्त 2026 की है, जबकि पीड़िता ने करीब 38 दिन बाद 11 सितंबर को कोलगवां थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

बाजार ले जाने के बहाने सुनसान जगह पहुंचाने का आरोप

पीड़िता के मुताबिक, कॉलेज में उसके साथ पढ़ने वाली छात्रा ने उसे बाजार जाने की बात कहकर स्कूटी पर बैठाया। आरोप है कि इसके बाद उसे इधर-उधर घुमाते हुए नगर वन के सामने एक सुनसान स्थान पर ले जाया गया, जहां तीन अन्य छात्राएं पहले से मौजूद थीं। इसके बाद चारों ने कथित तौर पर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी।

पीड़िता का आरोप है कि मारपीट के दौरान एक छात्रा ने डंडे से उसके कान और आंख के आसपास वार किया, जबकि अन्य छात्राओं ने लात-घूंसों से उसकी पिटाई की। इसी दौरान पूरी घटना का वीडियो भी बनाया गया।

वीडियो कॉल पर छात्र से माफी मंगवाने का आरोप

पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उस पर एक छात्र की बात मानने और उसके साथ संबंध बनाने के लिए दबाव डाला गया। कथित तौर पर वीडियो कॉल के जरिए उक्त छात्र से माफी भी मंगवाई गई। पीड़िता के अनुसार, बाद में उसे सेमरिया चौक के पास छोड़ दिया गया और उसका मोबाइल भी ले लिया गया, जिसे अगले दिन वापस किया गया।

वायरल वीडियो से सामने आया मामला

घटना के बाद पीड़िता ने सामाजिक दबाव और पारिवारिक परिस्थितियों के कारण तत्काल शिकायत नहीं की। इसी बीच मारपीट का कथित वीडियो एक रिश्तेदार तक पहुंचा। रिश्तेदार ने छात्रा से पूछताछ की, जिसके बाद पूरा मामला सामने आया। इसके बाद परिजनों की जानकारी में मामला पुलिस तक पहुंचा और 11 सितंबर को शिकायत दर्ज कराई गई।

पुलिस ने शुरू की जांच

कोलगवां थाना प्रभारी सुदीप कुमार सोनी के अनुसार, मामला पुलिस के संज्ञान में आया है। पीड़िता के बयान दर्ज कर आरोपों की जांच की जा रही है। वायरल वीडियो का भी परीक्षण कराया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर प्रकरण में धाराएं बढ़ाई जा सकती हैं।

नोट: मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।

What's your reaction?

Related Posts

Epaper