भोपालमध्य प्रदेश

बैरसिया में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का वृहद शिविर, एक सप्ताह में आवेदनों के निराकरण के निर्देश

बैरसिया में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का जनकल्याण शिविर

भोपाल। भोपाल जिले की बैरसिया तहसील स्थित कृषि उपज मंडी परिसर में शुक्रवार को मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत वृहद जनकल्याण एवं जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। इसके साथ ही स्थानीय उद्योगपतियों और उद्यमियों की समस्याओं एवं सुझावों पर चर्चा के लिए ‘उद्यम संवाद’ भी आयोजित हुआ।

शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने शासन की जनकल्याणकारी और हितग्राहीमूलक योजनाओं की जानकारी दी। पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया।

भोपाल जिले के प्रभारी मंत्री चैतन्य कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की जनहितैषी सोच के अनुरूप आमजन की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और समयबद्ध निराकरण के लिए मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान शुरू किया गया है। सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को बिना परेशानी के योजनाओं और सेवाओं का लाभ मिले।

एक सप्ताह में आवेदनों का निराकरण

प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का परीक्षण कर अधिकतम एक सप्ताह में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव नहीं है, उनमें आवेदक को समस्या के कारण और संभावित समय-सीमा की स्पष्ट जानकारी देने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने बताया कि वे प्रत्येक शुक्रवार को आयोजित होने वाले शिविरों में पहुंचकर अधिकारियों की मौजूदगी में आवेदनों के निराकरण की प्रगति की समीक्षा कर रहे हैं।

फसल क्षति का होगा पारदर्शी सर्वे

प्रभारी मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार वर्तमान वर्ष को ‘किसान कल्याण वर्ष’ के रूप में मना रही है। सोयाबीन की फसल में हुई क्षति का पारदर्शी सर्वे कराने के लिए जल्द ही दलों का गठन किया जाएगा। सर्वे के आधार पर पात्र किसानों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने कहा कि बैरसिया क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के तहत सभी पात्र हितग्राहियों को आवास का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही सहकारिता, दुग्ध संघ, खाद्य प्रसंस्करण, उद्योग और पशुपालन के क्षेत्र को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है, जिससे किसानों की आय बढ़ने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ सकें।

उद्यमियों ने रखीं समस्याएं और सुझाव

‘उद्यम संवाद’ के दौरान स्थानीय उद्योगपतियों और उद्यमियों ने अपनी समस्याएं और सुझाव अधिकारियों के सामने रखे। औद्योगिक क्षेत्र में अधोसंरचना, भू-खंड आवंटन और विभिन्न विभागों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। प्रभारी मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को उद्यमियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने के निर्देश दिए।

योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर

बैरसिया विधायक विष्णु खत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का उद्देश्य शासन की हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है।

उन्होंने बताया कि बीज विकास निगम द्वारा बैरसिया क्षेत्र में 3 हजार टन क्षमता का अत्याधुनिक वेयरहाउस बनाया जा रहा है। किसानों के लिए प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जा रहे हैं और मंडी परिसर में नि:शुल्क ग्रेडिंग प्लांट भी स्थापित किया जा रहा है।

विधायक ने बैरसिया में फीवर क्लीनिक के निर्माण, चिकित्सालय के शीघ्र लोकार्पण और आचारपुरा औद्योगिक क्षेत्र में भू-खंड आवंटन की प्रक्रिया में तेजी लाने का आग्रह किया।

पट्टे, सीमांकन और बंटवारे के मामलों के निराकरण के निर्देश

कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार प्रत्येक शुक्रवार को आयोजित शिविरों में संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहकर नागरिकों की समस्याओं का समाधान कर रहे हैं। बैरसिया क्षेत्र में पट्टों से जुड़े मामलों का परीक्षण कर पारदर्शी तरीके से निराकरण किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग से जुड़े सीमांकन और बंटवारे के लंबित मामलों का भी निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। अधिकारियों को शिविर में प्राप्त आवेदनों को विभागवार दर्ज कर नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने कहा कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।

What's your reaction?

Related Posts

Epaper