जबलपुरफ़्लैश न्यूज़ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशराज्य

NH-30 पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: कंटेनर से 871 किलो गांजा बरामद, 4.35 करोड़ की खेप के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

NH-30 पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: कंटेनर से 871 किलो गांजा बरामद, 4.35 करोड़ की खेप के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

पेंट के 412 डिब्बों के बीच छिपाकर रखी थीं गांजे की 28 बोरियां, ओडिशा से मैहर पहुंचाई जानी थी खेप

mpbn 20261031 df654a

जबलपुर। मध्यप्रदेश में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में जबलपुर पुलिस ने नेशनल हाईवे-30 पर बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजे की भारी खेप पकड़ी है। पुलिस ने एक कंटेनर से 871 किलो 95 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 4 करोड़ 35 लाख 55 हजार रुपये बताई गई है। मामले में कंटेनर चालक सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, गोसलपुर थाना क्षेत्र में क्राइम ब्रांच और गोसलपुर पुलिस की संयुक्त टीम एनएच-30 पर पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान मुस्करा मोड़ के पास तेज रफ्तार से जा रहे एक संदिग्ध कंटेनर पर पुलिस की नजर पड़ी। टीम ने पीछा करते हुए मोहतरा टोल के पास घेराबंदी कर कंटेनर को रोक लिया। कंटेनर में सवार चालक और एक अन्य व्यक्ति ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया।

पेंट के डिब्बों के बीच छिपाई थी गांजे की खेप

कंटेनर की तलाशी लेने पर पुलिस को 412 पेंट के डिब्बों के बीच 28 बोरियां छिपाकर रखी मिलीं। इन बोरियों में खाकी रंग के टेप से पैक गांजे के पैकेट रखे गए थे। पुलिस ने जब गांजे का वजन कराया तो कुल 871 किलो 95 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसकी कीमत करीब 4.35 करोड़ रुपये आंकी गई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ निवासी 45 वर्षीय धर्मवीर सिंह और पश्चिम बंगाल के दक्षिण दिनाजपुर निवासी 24 वर्षीय विक्रम करमाकर के रूप में हुई है।

एक लाख रुपये में खेप पहुंचाने का हुआ था सौदा

प्रारंभिक पूछताछ में कंटेनर चालक धर्मवीर सिंह ने पुलिस को बताया कि ओडिशा के बलांगीर निवासी प्रभात साहू के कहने पर वह गांजे की खेप लेकर मध्यप्रदेश आया था। इस काम के बदले उसे एक बार के परिवहन के लिए एक लाख रुपये मिलने थे। आरोपी के अनुसार, 27 अक्टूबर को गांजे की 28 बोरियां कंटेनर में लोड की गई थीं। इन्हें मैहर पहुंचने से पहले एक जियो पेट्रोल पंप के पास उतारना था।

तस्करी नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस

इस कार्रवाई में जबलपुर पुलिस के साथ उत्तर प्रदेश के झांसी की नारकोटिक्स विंग भी शामिल रही। पुलिस ने गांजा, 412 पेंट के डिब्बे और तस्करी में इस्तेमाल किए गए कंटेनर को जब्त कर लिया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस अब गांजे की खेप के स्रोत, सप्लाई नेटवर्क और इस तस्करी में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। ओडिशा से मध्यप्रदेश तक फैले इस नेटवर्क के अन्य आरोपियों की तलाश भी की जा रही है।

What's your reaction?

Related Posts

Epaper