भोपालमध्य प्रदेश

लाड़ली बहनों के खातों में आएंगे ₹1,500, 1.25 करोड़ महिलाओं को मिलेगा 40वीं किस्त का लाभ

CM मोहन यादव आगर मालवा से करेंगे 1,835 करोड़ रुपये का अंतरण, योजना के तहत अब तक 65 हजार करोड़ से ज्यादा की राशि पहुंची

महिलाओं के खातों में लाड़ली बहना योजना की 40वीं किस्त ₹1500
भोपाल। मध्य प्रदेश की लाड़ली बहनों के लिए बड़ी खबर है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 13 सितंबर को आगर मालवा से मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 40वीं मासिक किस्त जारी करेंगे। इस दौरान प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख 10 हजार 150 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में सीधे 1,835 करोड़ 09 लाख रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर की जाएगी।
सितंबर की किस्त के रूप में प्रत्येक पात्र महिला को 1,500 रुपये मिलेंगे। सरकार के अनुसार इस भुगतान के बाद योजना के माध्यम से अब तक महिलाओं को दी गई नियमित मासिक आर्थिक सहायता की कुल राशि 65 हजार करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर जाएगी।
2023 में ₹1,000 से हुई थी शुरुआत
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की शुरुआत वर्ष 2023 में हुई थी। उस समय पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपये की सहायता दी जाती थी। बाद में सरकार ने चरणबद्ध तरीके से राशि में बढ़ोतरी की। अक्टूबर 2023 में यह राशि 1,250 रुपये हुई और नवंबर 2025 से पात्र महिलाओं को 1,500 रुपये प्रतिमाह दिए जा रहे हैं।
योजना में सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्राप्त करने वाली पात्र महिलाओं के लिए भी प्रावधान किया गया है। निर्धारित नियमों के अनुसार पात्रता के आधार पर उन्हें सहायता राशि का अंतर उपलब्ध कराया जाता है।
39 किस्तों का भुगतान पूरा
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक जून 2023 से अगस्त 2026 तक लाड़ली बहना योजना के तहत 39 नियमित किस्तें जारी हो चुकी हैं। अब 13 सितंबर को 40वीं किस्त का भुगतान किया जाएगा।
इसके अलावा रक्षाबंधन के अवसर पर अगस्त 2023, 2024, 2025 और 2026 में लाभार्थी महिलाओं को अतिरिक्त 250 रुपये की विशेष सहायता भी प्रदान की गई थी।
आगर मालवा को भी मिलेगी करोड़ों की सौगात
किस्त जारी करने के साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आगर मालवा में विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन भी करेंगे। कार्यक्रम के दौरान करीब 225.95 करोड़ रुपये के 33 विकास कार्यों का भूमिपूजन तथा 28.14 करोड़ रुपये की लागत वाले 17 कार्यों का लोकार्पण प्रस्तावित है।
मुख्यमंत्री के दौरे को लाड़ली बहना योजना की मासिक किस्त के साथ जिले के विकास कार्यों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

What's your reaction?

Related Posts

Epaper