
विंध्यभूमि सीधी,30 अगस्त 2026 | प्रातः 6:00 बजे की स्थिति,मुख्य अभियंता, गंगा कछार जल संसाधन विभाग, रीवा द्वारा जारी सूचना के अनुसार बाणसागर बांध का जल स्तर 341.58 मीटर पहुंच गया है। जलाशय में वर्तमान आवक तथा कैचमेंट क्षेत्र में हो रही वर्षा को देखते हुए बांध का निर्धारित जल स्तर बनाए रखने के लिए आज दोपहर 12:00 बजे 6 रेडियल गेट, 2-2 मीटर खोले जाएंगे।
इन गेटों के माध्यम से लगभग 2454 क्यूमेक्स जल प्रवाह सोन नदी में छोड़ा जाएगा। आवश्यकता अनुसार इससे अधिक जल प्रवाह भी स्पिल ओवर के माध्यम से सोन नदी में छोड़ा जा सकता है।
नागरिकों से विशेष अपील
बाणसागर बांध के डाउनस्ट्रीम क्षेत्र तथा सोन नदी के दोनों किनारों पर निवासरत नागरिक सतर्क रहें और नदी के किनारों से दूर रहें। नदी में नहाने, मछली पकड़ने, नाव चलाने अथवा अन्य गतिविधियों के लिए नदी में जाने से पूरी तरह बचें।
कलेक्टर ने अधिकारियों को सतर्क रहने के दिए के निर्देश
जिले में लगातार वर्षा की स्थिति को देखते हुए आज हाई अलर्ट रखा गया है। कलेक्टर श्री विकास मिश्रा ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं मैदानी अमले को मुख्यालय में उपस्थित रहकर सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने निर्देशित किया है कि रेस्क्यू एवं राहत कार्य तथा किसी भी प्रकार की जनहानि को रोकना सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई एवं आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
जल संसाधन, राजस्व, ग्रामीण विकास, लोक निर्माण विभाग (PWD), RES, विद्युत विभाग (MPeB), नगरीय निकायों सहित सभी संबंधित विभागों की टीमें पूरी तरह अलर्ट रहें तथा आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
सभी अधिकारी अपने-अपने मुख्यालय में उपस्थित रहकर स्थिति की लगातार निगरानी करें। मुख्यालय से अनुपस्थित रहने की स्थिति को गंभीरता से लिया जाएगा तथा संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन की अपील
सभी नागरिक प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। सोन नदी के जल स्तर में संभावित वृद्धि को देखते हुए नदी एवं उसके किनारों से पर्याप्त दूरी बनाए रखें और स्वयं के साथ अपने परिवार को भी सुरक्षित रखें।














































