सीधी

बमुरी पंचायत में पीएम आवास की पात्रता पर उठे सवाल, रोजगार सहायक पर गंभीर आरोप

शिकायतकर्ताओं ने सगे-संबंधियों और संपन्न लोगों को लाभ दिलाने का लगाया आरोप

बमुरी पंचायत में पीएम आवास योजना की सूची पर उठे सवाल
सीधी: जिले के जनपद पंचायत सीधी अंतर्गत ग्राम पंचायत बमुरी में अनियमितताओं का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पंचायत सचिव की जांच शुरू होने से पहले ही अब रोजगार सहायक पर प्रधानमंत्री आवास योजना में अपात्र लोगों को लाभ दिलाने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। शिकायतकर्ताओं ने दावा किया है कि रोजगार सहायक द्वारा अपने सगे-संबंधियों के साथ-साथ पक्के मकान, जमीन, वाहन और अन्य संपत्तियों वाले लोगों के नाम भी आवास योजना की सूची में शामिल किए गए और उनके आवास स्वीकृत हो चुके हैं।
शिकायत में सरपंच बाबादीन यादव की पत्नी श्यामकली यादव का नाम शामिल होने का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि उनका पहले से बड़ा मकान बना हुआ है। वहीं रोजगार सहायक की माता कुटिया पिता इन्द्रमुनि राम के नाम भी आवास स्वीकृत होने का आरोप है।शिकायतकर्ताओं का कहना है कि कुटिया के पति का नाम सुदामा प्रसाद है, लेकिन आवास का लाभ लेने के लिए पति के स्थान पर पिता का नाम दर्ज किया गया। इसी तरह रमा देवी पति कमलनारायण के पास पक्का मकान होने तथा गजरहा, इटौंही और कुकुड़ीझर में करीब 30 एकड़ जमीन होने का दावा किया गया है। नीतू यादव को सरपंच की पुत्रवधू बताते हुए शिकायत में कहा गया है कि उनके पति के नाम पहले से आवास बना हुआ है। अंजनी प्रसाद पाण्डेय के पुत्र नन्दकिशोर पाण्डेय के नाम पूर्व से पक्का आवास होने के बावजूद सूची में नाम शामिल किए जाने का आरोप लगाया गया है। शिकायत में महावीर सिंह गोंड की करीब दो वर्ष पहले मृत्यु हो जाने के बावजूद उनका नाम सूची में होने की बात भी कही गई है। शिकायतकर्ताओं ने कहा है कि यदि सूची में दर्ज नामों और संबंधित हितग्राहियों की वास्तविक संपत्ति, पारिवारिक संबंध तथा पूर्व में मिले आवास की जांच कराई जाए तो कथित अनियमितताओं की स्थिति स्पष्ट हो सकती है। उन्होंने पूरे मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराकर अपात्र पाए जाने वाले हितग्राहियों के आवास स्वीकृति निरस्त करने तथा जिम्मेदार कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।

बमुरी पंचायत में पीएम आवास योजना को लेकर शिकायतकर्ताओं ने जांच की मांग की

पक्का मकान वालों के नाम भी सूची में

शिकायतकर्ताओं के अनुसार अवधेश प्रसाद दुबे, इन्द्रजीत यादव और सुनील कुमार के पास पहले से पक्के मकान हैं। अनिल कुमार मिश्रा के पास पक्का मकान और जमीन होने के साथ क्रेशर में सह-स्वामित्व है। सुनील कुमार के संबंध में भी क्रेशर में सह- स्वामित्व का उल्लेख किया गया है। राजेश्वरी प्रसाद विश्वकर्मा के पास पक्का मकान होने के साथ बैंक कियोस्क संचालन की बात शिकायत में कही गई है।
संजय कुमार पनिका की पत्नी बमुरी-1 आंगनबाड़ी केंद्र में सहायिका, जबकि पुष्पराज शर्मा को रोजगार सहायक का सगा संबंधी बताते हुए उनके पास बड़ा मकान और ठेकेदारी का काम होने का आरोप लगाया गया है। नारायण दत्त तिवारी के पास गजरहा में करीब 80 लाख रुपये का पक्का मकान, ट्रैक्टर, स्कॉर्पियो और करीब 30 एकड़ जमीन होने का दावा किया गया है। बंशबहादुर यादव के नाम विजयपुर में करीब 50 लाख रुपये का पक्का मकान तथा उनके पिता के नाम करीब 10 एकड़ जमीन होने की बात शिकायत में कही गई है।
बॉक्स

रोजगार सहायक के रिश्तेदार भी शामिल

शिकायत में सोना देवी पनिका के पति को जनपद सदस्य बताते हुए कहा गया है कि उन्हें पूर्व में आवास योजना का लाभ मिल चुका है और पक्का मकान भी बना हुआ है। सुभय यादव को सरपंच बाबादीन यादव का नाती बताते हुए आरोप है कि उनके पिता के नाम पहले से आवास बना है, जबकि इसी सूची में उनकी माता नीतू यादव का नाम भी शामिल है। अक्षत शर्मा और रघुवंश शर्मा को रोजगार सहायक लालाराम मिश्रा के सगे मामा के पुत्र बताते हुए कहा गया है कि दोनों अविवाहित हैं और अपने पिता के पक्के मकान में रहते हैं। विकास मिश्रा को रोजगार सहायक लालाराम मिश्रा का पुत्र बताते हुए शिकायत में कहा गया है कि वह भी अविवाहित हैं और अपने पिता के पक्के मकान में रहते हैं। शिवम कुमार दुबे के करीब 40 लाख रुपये के पक्के मकान में निवास करने का दावा किया गया है। इसी तरह पुष्पकमणि तिवारी की पत्नी बमुरी-2 आंगनबाड़ी केंद्र में कार्यकर्ता होने तथा करीब 25 डिसमिल जमीन में मकान बने होने की बात शिकायत में कही गई है। मणिराज सिंह को पूर्व में ही आवास का लाभ मिल चुका है बावजूद पक्का मकान होने का उल्लेख किया गया है। वहीं रामराज सिंह पिता श्यामलाल की पत्नी कमलेश सिंह को बमुरी-3 आंगनबाड़ी केंद्र की कार्यकर्ता बताते हुए उनके नाम पांच एकड़ से अधिक जमीन और बड़ा मकान होने का आरोप लगाया गया है।

Related Posts

Epaper