साइबर अपराध से बचाव और सुरक्षा को लेकर भक्तों को किया जागरूक

सीधी/चुरहट: नगर में स्वर्णकार समाज के भक्तों द्वारा सोनांचल के राजा गणेश जी की प्रतिमा विधि-विधान से स्थापित की गई है। गणेश प्रतिमा आकर्षण का केंद्र बनी हुई है और प्रतिदिन होने वाली आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं। शनिवार शाम आयोजित आरती में नगर निरीक्षक रीता त्रिपाठी ने विधि-विधान से पूजन कर आरती की। इस दौरान पुलिस स्टाफ के साथ बड़ी संख्या में महिला, पुरुष एवं बच्चे मौजूद रहे। श्रद्धालुओं की भीड़ से पूरा पंडाल भर गया और समूचा नगर गणेश जी के जयकारों से गूंज उठा।
आरती के बाद नगर निरीक्षक रीता त्रिपाठी ने श्रद्धालुओं से संवाद करते हुए साइबर अपराध से बचाव को लेकर जागरूक किया। उन्होंने कहा कि अनजान फोन कॉल, संदेश और लिंक पर भरोसा न करें तथा किसी के साथ बैंक संबंधी जानकारी, ओटीपी या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। उन्होंने बच्चों को मोबाइल फोन के अत्यधिक उपयोग से दूर रखने की अपील भी की।

इस दौरान उन्होंने स्वर्णकार समाज के व्यापारियों से अपनी दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने और दुकान में अधिक मात्रा में नकदी नहीं रखने की सलाह दी। साथ ही किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की। नगर निरीक्षक ने कहा कि सड़क दुर्घटना या किसी अन्य हादसे में घायल व्यक्ति को समय गंवाए बिना तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाएं, ताकि समय पर उपचार मिलने से उसकी जान बचाई जा सके। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने वाले मददगारों को शासन द्वारा प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जाती है.











































