चित्रों में साकार हुआ सेवा और विकसित भारत का संकल्प

सीधी। ए पी शर्मा ,शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय मझौली में मध्यप्रदेश शासन उच्च शिक्षा विभाग, भोपाल के निर्देशन में चल रहे सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने रंगों के माध्यम से सेवा, जनकल्याण, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, आत्मनिर्भरता और विकसित भारत@2047 की कल्पना को कैनवास पर साकार किया।
विद्यार्थियों की कलाकृतियों में स्वच्छ एवं सुंदर भारत, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषय प्रमुखता से उभरे। चित्रों के माध्यम से विद्यार्थियों ने संदेश दिया कि राष्ट्र निर्माण में योजनाओं के साथ सेवा भावना, नागरिक जिम्मेदारी और जनभागीदारी की भी महत्वपूर्ण भूमिका है।
प्राचार्य डॉ. गीता भारती के मार्गदर्शन में आयोजित इस गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों को रचनात्मक अभिव्यक्ति के साथ सामाजिक सरोकारों से जोड़ने का प्रयास किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को सेवा भावना को व्यवहार में उतारने तथा विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता में संदीप कुमार साकेत ने प्रथम, लक्ष्मी दहिया ने द्वितीय और सूर्यवती जायसवाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम का संयोजन डॉ. सुषमा शुक्ला ने किया। अंत में डॉ. रेनू सिंह ने आभार व्यक्त किया।











































