गंदगी की शिकायत करने पर अमर्यादित व्यवहार का दावा

सीधी । रामपुर नैकिन विकासखंड अंतर्गत संचालित अदिति स्कूल हत्था में फीस को लेकर अभिभावक और स्कूल प्रबंधन के बीच विवाद का मामला सामने आया है। ग्राम बरदैला, पंचायत अगडाल निवासी विवेक कुमार मिश्रा ने आरोप लगाया है कि उन्होंने अपने बच्चे का विद्यालय में प्रवेश कराया और इसके लिए ₹2100 जमा किए, लेकिन बच्चे ने स्कूल में एक दिन भी पढ़ाई नहीं की और न ही प्रवेश संबंधी पूरा आवेदन पत्र भरा गया। इसके बावजूद स्कूल प्रबंधन ने जमा राशि वापस करने से इनकार कर दिया।
अभिभावक के अनुसार प्रवेश के बाद जब उन्होंने बच्चे के कक्ष का निरीक्षण किया तो वहां गंदगी और कबाड़ फैला हुआ मिला। बच्चों के स्वास्थ्य एवं पढ़ाई के वातावरण को लेकर उन्होंने स्कूल प्रबंधन से इसकी शिकायत की। आरोप है कि शिकायत पर प्रबंधन ने समस्या दूर करने के बजाय उनसे अमर्यादित लहजे में बात की और कथित तौर पर कहा कि उन्हें बच्चों की पढ़ाई से मतलब है या स्कूल के कमरों से। अभिभावक का कहना है कि स्कूल की व्यवस्था और प्रबंधन के व्यवहार से असंतुष्ट होकर उन्होंने बच्चे को आगे विद्यालय नहीं भेजने का निर्णय लिया। इसके बाद उन्होंने जमा किए गए ₹2100 वापस मांगे, लेकिन प्रबंधन ने राशि लौटाने से इनकार कर दिया। अभिभावक का दावा है कि बच्चे ने विद्यालय में एक दिन भी अध्ययन नहीं किया था।
बीईओ से शिकायत, जांच और राशि वापसी की मांग
मामले को लेकर विवेक कुमार मिश्रा ने खंड शिक्षा अधिकारी रामपुर नैकिन को लिखित शिकायत सौंपकर जांच और कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से विद्यालय की व्यवस्थाओं की जांच कराने, फीस के रूप में जमा राशि वापस दिलाने तथा नियमों के विपरीत मनमानी पाए जाने पर स्कूल प्रबंधन के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। अब शिक्षा विभाग की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि फीस वसूली और विद्यालय की व्यवस्थाओं को लेकर लगाए गए आरोपों में कितनी सत्यता है।











































