सीधी

एलएनटी कंपनी में प्रशिक्षण और नौकरी के लिए वस्तुआ में आयोजित हुआ कार्यक्रम

विस्थापन के साथ ग्रामीणों के भविष्य की चिंता
संजय टाइगर रिजर्व दे रहा रोजगार का अवसर

संजय टाइगर रिजर्व में ग्रामीण युवाओं के रोजगार और प्रशिक्षण को लेकर आयोजित कार्यक्रम

सीधी:ए पी शर्मा:- जिले के संजय टाइगर रिजर्व क्षेत्र के गांवों में विस्थापन की प्रक्रिया के बीच ग्रामीण परिवारों की आजीविका और बच्चों के भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में विभाग ने पहल तेज की है। इसी क्रम में ग्रामीण बेरोजगार युवाओं को प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से 11 नवंबर को परिक्षेत्र बस्तुआ के रेस्ट हाउस में कार्यक्रम आयोजित किया गया। एसडीओ संजय टाइगर रिजर्व एचएल सिंह की विशेष उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में एलएनटी कंपनी के लखनादौन प्रशिक्षण केंद्र के सेक्टर इंचार्ज कमल चंद्रवंशी, परिक्षेत्र अधिकारी बस्तुआ कैलाश बामनिया और परिक्षेत्र अधिकारी दुबरी विवेक सिंह सहित क्षेत्र के ग्रामीण युवा शामिल हुए।
कार्यक्रम में प्रशिक्षण प्राप्त कर लौटे युवाओं ने अपने अनुभव साझा किए। बताया गया कि करीब डेढ़ माह पूर्व इसी तरह का कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें 34 युवाओं ने प्रशिक्षण के लिए अपनी सहमति दी थी। ये युवा लखनादौन स्थित प्रशिक्षण केंद्र पहुंचे थे, जहां एक माह का प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद दीपावली पर अपने घर लौटे। युवाओं ने प्रशिक्षण केंद्र की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए बताया कि वहां समय पर भोजन, नाश्ता, प्रशिक्षण के साथ खेलकूद और मनोरंजन की भी व्यवस्था है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशिक्षण के बाद उन्हें एलएनटी कंपनी में स्थायी रोजगार का अवसर मिलेगा, जिससे उनके परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हो सकेगी।
युवाओं के अनुभव सुनने के बाद कार्यक्रम में पहुंचे अन्य ग्रामीण युवक भी प्रभावित हुए और उन्होंने प्रशिक्षण के लिए जाने की सहमति जताई। विभाग का प्रयास है कि विस्थापन के बाद ग्रामीण परिवारों के सामने आजीविका का संकट खड़ा न हो और स्थानीय युवाओं को रोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाया जा सके।

ग्रामीणों के बीच भरोसा कायम करने की पहल

संजय टाइगर रिजर्व के बस्तुआ परिक्षेत्र अधिकारी कैलाश बामनिया की ग्रामीणों के बीच सक्रियता भी चर्चा का विषय बनी हुई है। उल्लेखनीय है कि करीब दो वर्ष पूर्व गिजोहर गांव में तेंदुए के हमले के बाद ग्रामीणों और विभागीय अधिकारियों- कर्मचारियों के बीच तनाव की स्थिति निर्मित हुई थी। इसके बावजूद परिक्षेत्र अधिकारी ने अपने व्यवहार और कार्यशैली से ग्रामीणों के बीच विश्वास कायम करने का प्रयास किया है।
दीपावली के अवसर पर वे अपनी छह वर्षीय बेटी के साथ गिजोहर गांव पहुंचे और वहां के छोटे बच्चों के साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं। उन्होंने बच्चों को पटाखे, खिलौने, कॉपी-किताबें और मिठाई भेंटकर दीपावली की शुभकामनाएं दीं। इस पहल से ग्रामीण भावुक हुए और उन्हें महसूस हुआ कि विभाग विस्थापन के साथ-साथ उनके बच्चों और परिवारों के भविष्य को लेकर भी संवेदनशील है

इनका कहना है

मैं एक महीने तक लखनादौन प्रशिक्षण केंद्र में रहा हूं। वहां की व्यवस्थाओं और प्रशिक्षण से संतुष्ट हूं। उम्मीद है कि प्रशिक्षण के बाद कंपनी में स्थायी नौकरी मिलेगी। क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी इस अवसर का लाभ उठाना चाहिए।
राजेंद्र सिंह गोंड़, प्रशिक्षण प्राप्त ग्रामीण

संजय टाइगर रिजर्व क्षेत्र से ग्रामीणों का विस्थापन होना है, लेकिन उनके भविष्य और आजीविका को लेकर भी विभाग चिंतित है। इसी उद्देश्य से एलएनटी कंपनी के साथ अनुबंध किया गया है, ताकि क्षेत्र के युवाओं को प्रशिक्षण देकर रोजगार उपलब्ध कराया जा सके

एचएल सिंह,
एसडीओ टाइगर रिजर्व मझौली।
कंपनी के साथ हुए अनुबंध के तहत प्रदेश के विभिन्न टाइगर रिजर्व क्षेत्रों में, जहां विस्थापन की प्रक्रिया चल रही है, वहां के युवाओं को प्रशिक्षण और रोजगार से जोड़ने के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। यहां से 34 युवा प्रशिक्षण के लिए गए थे, जिन्होंने अपने अनुभव साझा किए हैं।
कमल चंद्रवंशी,

सेक्टर इंचार्ज एलएनटी लखनादौन।

What's your reaction?

Related Posts

Epaper