सड़क किनारे लगे सागवन के पौधों की कटाई से ग्रामीणों में नाराजगी, बेंलवानी बीट के वनरक्षक आवास पर ताला होने का दावा

सिंगरौली। जिले के वन परिक्षेत्र पश्चिम सरई अंतर्गत बेंलवानी बीट के करदा जंगल में सागवन के हरे-भरे पौधों की कटाई का मामला सामने आया है। सड़क किनारे लगे कीमती सागवन के दर्जनों पौधों के कटे हुए ठूंठ और बिखरी टहनियां मौके पर दिखाई दे रही हैं। मुख्य मार्ग के समीप पेड़ों की कटाई सामने आने के बाद वन विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि करदा जंगल के आसपास सड़क किनारे सागवन के पौधे लगाए गए थे, जो कुछ समय पहले तक हरियाली से भरपूर दिखाई देते थे। अब कई स्थानों पर पौधे कटे हुए नजर आ रहे हैं। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में नियमित गश्त नहीं होने के कारण पेड़ काटने वालों के हौसले बढ़ रहे हैं।
वन विभाग की गश्ती व्यवस्था पर उठे सवाल

ग्रामीणों के मुताबिक जंगल के आसपास नियमित निगरानी और गश्त प्रभावी होती तो मुख्य मार्ग के समीप इस तरह सागवन के पौधों की कटाई संभव नहीं होती। ग्रामीणों ने वन विभाग के मैदानी अमले की सक्रियता और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए मामले की जांच की मांग की है।
वनरक्षक आवास पर ताला, जिम्मेदारी पर सवाल
बेंलवानी बीट में वनकर्मियों के लिए बनाए गए वनरक्षक आवास में ताला लटका होने की बात भी सामने आई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि संबंधित कर्मचारी क्षेत्र में मौजूद रहकर नियमित गश्त करें तो अवैध कटाई पर काफी हद तक अंकुश लगाया जा सकता है। हालांकि वनकर्मियों की अनुपस्थिति और आवास पर ताला लगे होने के संबंध में विभागीय स्तर से स्थिति स्पष्ट होना अभी बाकी है।
ग्रामीणों ने DFO से जांच की मांग की
सागवन के पौधों की कटाई को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने वन मंडल अधिकारी (DFO), सिंगरौली से मामले की जांच कराने, कटे हुए पौधों की संख्या एवं नुकसान का आकलन कराने तथा यदि जांच में अवैध कटाई की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।
अब कार्रवाई का इंतजार
सड़क किनारे हुई सागवन के पौधों की कटाई ने वन विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना यह होगा कि विभाग मामले की जांच कर कितनी कटाई हुई, इसके लिए कौन जिम्मेदार है और दोषियों के खिलाफ क्या कार्रवाई करता है।











































