सीधी

रामपुर नैकिन महाविधालय में अव्यवस्थाओं का डेरा, जर्जर कक्षाओं और बदहाल शौचालयों से परेशान विद्यार्थी

प्रबंधन पर छात्रों ने लगाया अनदेखी का आरोप

रामपुर नैकिन महाविद्यालय की जर्जर कक्षाओं से विद्यार्थी परेशान

सीधी। ए पी शर्मा ,शासकीय महाविद्यालय रामपुर नैकिन में बुनियादी सुविधाओं के अभाव और जर्जर कक्षाओं को लेकर छात्र-छात्राओं में आक्रोश है। विद्यार्थियों का आरोप है कि महाविद्यालय में लंबे समय से समस्याएं बनी हुई हैं, लेकिन शिकायतों के बावजूद व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं किया जा रहा है।
विद्यार्थी निखिल शुक्ला और सौरभ मिश्रा ने समस्याओं को लेकर प्रभारी प्राचार्य को लिखित शिकायत सौंपकर शीघ्र निराकरण की मांग की है। विद्यार्थियों के अनुसार महाविद्यालय की कई कक्षाएं जर्जर हालत में हैं, जिससे पढ़ाई के दौरान सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है। वहीं परिसर में स्वच्छ पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से विद्यार्थियों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
शौचालयों की स्थिति भी चिंताजनक बताई गई है। विद्यार्थियों का कहना है कि पर्याप्त संख्या में साफ और उपयोग योग्य शौचालय नहीं होने से विशेषकर छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा कई कक्षाओं में पंखे नहीं हैं अथवा खराब पड़े हैं, जिससे गर्मी में विद्यार्थियों के लिए कक्षाओं में बैठकर पढ़ना मुश्किल हो जाता है।
बॉक्स
आश्वासन तक सीमित शिकायतों का निराकरण
विद्यार्थियों का आरोप है कि समस्याओं को लेकर पूर्व में भी प्रबंधन को अवगत कराया गया, लेकिन हर बार आश्वासन मिलने के बावजूद स्थायी समाधान नहीं हुआ। छात्रों ने महाविद्यालय प्रबंधन से जर्जर कक्षाओं की जांच, स्वच्छ पेयजल, साफ-सुथरे शौचालय और पर्याप्त पंखों की व्यवस्था तत्काल कराने की मांग की है।

Related Posts

Epaper